रायपुर : दक्षिण भारत के पर्यटन बाजार में छत्तीसगढ़ ने बढ़ाया कदम, चेन्नई रोड शो में 130 से अधिक टूर ऑपरेटरों ने दिखाई रुचि

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पर्यटन को दक्षिण भारत के प्रमुख पर्यटन बाजार से जोड़ने और राज्य में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने की दिशा में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने चेन्नई में “छत्तीसगढ़ टूरिज्म रोड शो” का आयोजन किया। फिक्की के सहयोग से आयोजित इस रोड शो में चेन्नई के 130 से अधिक ट्रैवल एजेंट एवं टूर ऑपरेटरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) बैठकों में छत्तीसगढ़ और चेन्नई के पर्यटन व्यवसायियों के बीच सीधा संवाद हुआ। इससे भविष्य में पर्यटक समूहों को छत्तीसगढ़ भ्रमण पर भेजने तथा दोनों राज्यों के पर्यटन कारोबारियों के बीच साझेदारी बढ़ाने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।

दक्षिण भारत के प्रमुख पर्यटन बाजार से छत्तीसगढ़ को जोड़ने की पहल

चेन्नई में आयोजित यह रोड शो छत्तीसगढ़ को दक्षिण भारत के प्रमुख पर्यटन बाजारों से जोड़ने की रणनीतिक पहल के रूप में सामने आया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों, पर्यटन उत्पादों और राज्य में उपलब्ध निवेश की संभावनाओं को चेन्नई के पर्यटन व्यवसायियों के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

B2B बैठकों के माध्यम से दोनों राज्यों के पर्यटन क्षेत्र से जुड़े स्टेकहोल्डर्स को सीधे संवाद और संभावित व्यावसायिक सहयोग का अवसर मिला। पर्यटन व्यवसायियों की ओर से छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों और उत्पादों को लेकर उत्साहजनक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। उनके संबोधन ने चेन्नई के पर्यटन व्यवसायियों को छत्तीसगढ़ के पर्यटन से जोड़ने और राज्य की पर्यटन संभावनाओं के प्रति प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पर्यटन स्थलों और निवेश संभावनाओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण

इस अवसर पर पर्यटन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन तथा छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक श्री सौमिल रंजन चौबे भी उपस्थित रहे।

श्री चौबे ने छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों, विविध पर्यटन उत्पादों और राज्य में उपलब्ध निवेश संभावनाओं पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने पर्यटन क्षेत्र में राज्य की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और विरासत संपदा से जुड़ी संभावनाओं की जानकारी भी साझा की।

तमिल भाषा में पहली बार छत्तीसगढ़ पर्यटन का प्रभावी प्रस्तुतीकरण

रोड शो का सबसे खास आकर्षण छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों और संभावनाओं को पहली बार तमिल भाषा में स्थानीय स्टेकहोल्डर्स के समक्ष प्रस्तुत किया जाना रहा। इस पहल ने चेन्नई के पर्यटन व्यवसायियों और स्थानीय पर्यटकों के साथ बेहतर जुड़ाव स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने अपने संबोधन में तमिल और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक, सांस्कृतिक एवं विरासत संपदा की व्यापक संभावनाओं को रेखांकित किया।

उन्होंने कहा कि राज्य की पर्यटन संपदा को देश के प्रमुख पर्यटन बाजारों से जोड़ने की आवश्यकता है, जिससे छत्तीसगढ़ के पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक पहचान मिल सके।

तमिलनाडु पर्यटन क्षेत्र के प्रमुख प्रतिनिधि हुए शामिल

रोड शो में भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय की सहायक निदेशक सुश्री एस. पद्मावती, फिक्की छत्तीसगढ़ टूरिज्म कमेटी के चेयरपर्सन एवं फिक्की छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष श्री जसप्रीत सिंह भाटिया, फिक्की तमिलनाडु स्टेट काउंसिल के को-कन्वीनर श्री श्रीहरन बालन तथा तमिलनाडु पर्यटन के निदेशक डॉ. वी.पी. जयसीलन सहित पर्यटन क्षेत्र के अनेक प्रमुख प्रतिनिधि मौजूद रहे।

इन प्रतिनिधियों की उपस्थिति से छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु के पर्यटन क्षेत्र के बीच सहयोग और व्यावसायिक साझेदारी की संभावनाओं को मजबूती मिली।

चेन्नई में पदस्थ छत्तीसगढ़ कैडर के अधिकारियों ने साझा किया आत्मीय जुड़ाव

रोड शो की एक विशेष उपलब्धि यह भी रही कि छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्री के.सी. देवासेनापति एवं श्री एलेक्स पॉल मेनन, जो वर्तमान में चेन्नई में पदस्थ हैं, विशेष रूप से कार्यक्रम में शामिल हुए।

दोनों अधिकारियों ने छत्तीसगढ़ से अपने आत्मीय जुड़ाव और राज्य की पर्यटन संभावनाओं पर विचार साझा किए। उनकी सहभागिता ने कार्यक्रम को व्यावसायिक गतिविधि के साथ एक अलग भावनात्मक आयाम भी प्रदान किया।

व्यापारिक साझेदारी के साथ दिखी सांस्कृतिक निकटता

चेन्नई रोड शो में छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु के बीच पर्यटन क्षेत्र में व्यावसायिक साझेदारी के साथ आत्मीय जुड़ाव और सांस्कृतिक निकटता भी दिखाई दी। एक ही मंच पर छत्तीसगढ़ से जुड़े वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि, राज्य के पर्यटन कारोबारी और चेन्नई के पर्यटन व्यवसायी शामिल हुए।

B2B बैठकों ने दोनों राज्यों के पर्यटन स्टेकहोल्डर्स को संभावित व्यापारिक सहयोग, पर्यटक समूहों के आवागमन और पर्यटन उत्पादों के प्रचार-प्रसार के लिए प्रत्यक्ष संवाद का मंच उपलब्ध कराया।

चेन्नई का “छत्तीसगढ़ टूरिज्म रोड शो” केवल पर्यटन प्रचार का आयोजन नहीं रहा, बल्कि दक्षिण भारत के पर्यटन बाजार के साथ छत्तीसगढ़ के मजबूत व्यावसायिक और सांस्कृतिक संबंधों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बनकर सामने आया है। इससे राज्य के पर्यटन को दक्षिण भारतीय बाजार में नई पहचान और नए कारोबारी अवसर मिलने की उम्मीद बढ़ी है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment