बेटी को परेशान करने से मना करने पर आरोपी ने किया हमला, वारदात के बाद झारखंड भागा; रायडीह से पुलिस ने दबोचा ,
हत्या में प्रयुक्त टांगिया बरामद, आरोपी अवधेश राम न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
जशपुर। थाना आस्ता क्षेत्र के ग्राम हर्री में महिला की हत्या के मामले में जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर वारदात का खुलासा कर आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी मृतिका की बेटी से एकतरफा प्यार करता था और बेटी द्वारा बातचीत करने से मना किए जाने से नाराज था।
मृतिका द्वारा आरोपी को अपनी बेटी को परेशान करने और उससे बातचीत करने से मना करने पर आरोपी कथित तौर पर आवेश में आ गया। उसने घर में रखे टांगिया से महिला के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था।
घर में अकेली थी महिला, पति मवेशी चराने गया था
पुलिस के मुताबिक मृतिका के पति ने थाना आस्ता में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह और उसकी पत्नी धनमनी बाई (55 वर्ष) घर में रहते थे।
घटना के दिन दोपहर करीब 11:30 बजे पति खाना खाने के बाद मवेशी चराने जंगल की ओर चला गया था। शाम करीब 6 बजे वापस लौटने पर उसने अपनी पत्नी को घर के अंदर जमीन पर पड़ा देखा। महिला के चेहरे के दाहिने हिस्से में गंभीर चोट थी और खून निकल रहा था। आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
पास ही टांगिया पड़ा हुआ था। घटना की सूचना परिजनों को देने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
फॉरेंसिक टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आरोपी की पतासाजी और मामले के खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाकर बारीकी से निरीक्षण कराया गया।
पुलिस ने मृतिका के परिजनों और संभावित गवाहों से पूछताछ की। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि अवधेश राम कुछ दिन पहले मृतिका के घर आया था और वहां उसका विवाद हुआ था।
घर पर नहीं मिला आरोपी, झारखंड में मिली लोकेशन
जांच के दौरान अवधेश राम पर संदेह मजबूत होने के बाद पुलिस टीम ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस जब उसके ग्राम कोमडो स्थित घर पहुंची तो वह वहां नहीं मिला।
टेक्निकल टीम की सहायता से उसकी लगातार तलाश और ट्रेसिंग की गई। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी रायडीह, झारखंड में मौजूद है। पुलिस टीम तत्काल रायडीह पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर जशपुर लाई।
पूछताछ में हत्या करना स्वीकार करने का पुलिस का दावा
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि वह मृतिका की बेटी से एकतरफा प्यार करता था। बेटी द्वारा उससे बातचीत नहीं करने के कारण वह नाराज था।
इसी नाराजगी में वह मृतिका के घर पहुंचा। वहां मृतिका ने उसे अपनी बेटी से बातचीत करने और उसे परेशान करने से मना किया। पुलिस के मुताबिक इससे आरोपी आवेश में आ गया और उसने घर में रखे टांगिया से महिला के सिर पर वार कर दिया।
गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया।
आरोपी गिरफ्तार, टांगिया जब्त
पुलिस के अनुसार पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार किए जाने के बाद अवधेश राम उर्फ गुटका (30 वर्ष), निवासी ग्राम कोमडो, थाना सिटी कोतवाली जशपुर को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगिया भी जब्त कर लिया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे में एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, थाना प्रभारी आस्ता उपनिरीक्षक अर्जुन यादव, सउनि अमितलाल टोप्पो सहित पुलिस टीम के अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि ग्राम हर्री में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। हत्या में प्रयुक्त टांगिया भी जब्त किया गया है। मामले में पुलिस की अग्रिम विवेचना एवं कार्रवाई जारी है।