रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है कि राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान-2026 के लिए सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की शिक्षिका श्रीमती सुनीता यादव का चयन हुआ है। वे इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान के लिए छत्तीसगढ़ से चयनित एकमात्र शिक्षिका हैं। शिक्षक दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित समारोह में उन्हें प्रशस्ति पत्र, शाल और चेक प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
नवाचार और तकनीक को बनाया शिक्षण का माध्यम
बरमकेला विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय खिचरी में पदस्थ सुनीता यादव ने शिक्षा को नवाचार, साहित्य और तकनीक से जोड़कर बच्चों के सीखने को सरल और रोचक बनाया है। वे विशेष रूप से कक्षा में सीखने में पीछे रह जाने वाले बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास करती हैं।
बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य को लेकर भी वे संवेदनशील हैं। बच्चों के लिए अपने खर्च से नियमित दूध उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें न्योता भोजन के लिए प्रेरित करती हैं, ताकि पढ़ाई के साथ बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर भी ध्यान दिया जा सके।
डिजिटल माध्यमों से रोचक बनाया अध्यापन
सुनीता यादव दीक्षा एप, स्टोरीवीवर, ऑडियो बुक, पॉडकास्ट और लघु फिल्मों का उपयोग कर बच्चों को पढ़ाती हैं। बच्चों और स्वयं के अभिनय वाली लघु फिल्मों के माध्यम से कठिन विषयों को सहज तरीके से समझाने की उनकी पहल ने उन्हें अलग पहचान दिलाई है।
उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के परिप्रेक्ष्य में प्राथमिक विद्यालयों में आए बदलावों पर शोध पत्र भी तैयार किया है। इसके अलावा बिलासपुर जिले में आदिवासी बच्चों के लिए आयोजित निशुल्क समर कैंप में भी उन्होंने अध्यापन कार्य किया है।
शिक्षा के साथ साहित्य और समाजसेवा में भी सक्रिय
शिक्षण के साथ साहित्य और समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय सुनीता यादव को वर्ष 2024 में राज्य शिक्षक सम्मान तथा वर्ष 2025 में पंडित मुकुटधर पांडे स्मृति अलंकरण से सम्मानित किया जा चुका है।
प्रकृति संरक्षण के लिए सीड बॉल निर्माण और सैनिकों के लिए राखी तैयार करने जैसे सामाजिक कार्यों में भी उनकी सक्रिय सहभागिता रही है।
सुनीता यादव की उपलब्धि से छत्तीसगढ़ गौरवान्वित
सुनीता यादव का राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान के लिए चयन उनके समर्पण, नवाचार और संवेदनशील शिक्षण का प्रमाण है। उनके प्रयासों ने न केवल प्राथमिक शिक्षा को नई दिशा दी है, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ की शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों की प्रतिबद्धता को भी गौरवान्वित किया है।