जशपुर। जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में मंगलवार को बिजली खंभा गाड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पाकरगांव स्थित गुडलक फ्लाईओवर के पास 11 हजार केवी विद्युत लाइन की चपेट में आने से चार मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूरों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, मजदूर बिजली का खंभा गाड़ने का काम कर रहे थे। इसी दौरान खंभा ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। करंट की चपेट में आने से चार मजदूर झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल पत्थलगांव पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे में दो मजदूरों की मौत होने की जानकारी है। मृतकों की पहचान और अन्य विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
ठेकेदार पर सुरक्षा में लापरवाही के आरोप
हादसे के बाद काम के दौरान सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ठेकेदार पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही और आवश्यक सावधानियां नहीं बरतने के आरोप लगाए जा रहे हैं। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी है, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतकों और घायलों की विस्तृत जानकारी के साथ घटना के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।