जशपुर। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर जशपुर जिले के प्रसिद्ध आस्थास्थल खुड़िया रानी में दो दिवसीय धार्मिक आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। 23 नवंबर को मानस मंडली छिछली र की ओर से अखण्ड रामायण पाठ शुरू किया गया। 24 नवंबर को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूर्णाहुति के बाद विशाल भण्डारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत शामिल हुईं। आयोजन के दौरान खुड़िया रानी सेवा समिति ने स्थल के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी मांगें उनके सामने रखीं। इस पर विधायक ने पूजा स्थल के समीप रेलिंग निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही वाहन पार्किंग की व्यवस्था के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया।
रेलिंग निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा
समिति अध्यक्ष चन्द्रदेव प्रकाश ग्वाला ने स्वागत भाषण में खुड़िया रानी के धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक महत्व का उल्लेख करते हुए समिति की विकास संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पूजा स्थल के पास रेलिंग तथा वाहन पार्किंग की व्यवस्था कराने की मांग रखी।
विधायक रायमुनि भगत ने रेलिंग निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा की और पार्किंग की व्यवस्था के लिए आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि माता के इस पवित्र स्थल पर आवश्यक विकास कार्य कराने के लिए प्रयास किए जाएंगे, ताकि यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
पेयजल, बिजली और अन्य सुविधाओं के लिए समिति की पहल
समिति अध्यक्ष ने बताया कि खुड़िया रानी सेवा समिति धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ स्थल को व्यवस्थित, स्वच्छ और सुविधायुक्त बनाने के लिए भी काम कर रही है। समिति की ओर से पेयजल और बिजली विस्तार, सरना परिसर की बाउंड्रीवाल, चबूतरा निर्माण, नाला स्टॉप डैम, जल एवं भूमि संरक्षण के लिए गैबियन स्ट्रक्चर, विवाह मंडप और मुंडन संस्कार के लिए चबूतरा निर्माण जैसे कार्यों की मांग और प्रस्ताव संबंधित विभागों तथा प्रशासन के समक्ष रखे गए हैं।
समिति और ग्राम पंचायत के संयुक्त प्रयासों से धार्मिक स्थल के संरक्षण, स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की पहल की जा रही है। समिति का उद्देश्य स्थानीय जनभागीदारी के माध्यम से खुड़िया रानी को बेहतर धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है।
भजन-कीर्तन और भण्डारे में शामिल हुए श्रद्धालु
दो दिवसीय आयोजन में अखण्ड रामायण पाठ, भजन-कीर्तन, पूर्णाहुति और भण्डारे के माध्यम से धार्मिक आस्था तथा सामाजिक सहभागिता का वातावरण बना। कार्यक्रम में पंडरापाठ भाजपा मंडल अध्यक्ष देवलाल भगत, फुल्केरिया भगत, खुड़िया रानी सेवा समिति के सदस्य, ग्राम पंचायत छिछली र एवं रौनी के प्रतिनिधि, मानस मंडली के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
आयोजकों ने विधायक रायमुनि भगत सहित कार्यक्रम में शामिल अतिथियों, सहयोगियों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
जशपुर की आस्था, संस्कृति और विकास से जुड़ी खबरों के लिए संवाद छत्तीसगढ़ से जुड़े रहें। जिले और प्रदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए samvadchhattisgarh.com पर विजिट करें।