बाल विवाह, मानव तस्करी, साइबर सुरक्षा और स्कूल ड्रॉपआउट की रोकथाम पर हुई विस्तृत चर्चा
जशपुर। जिला प्रशासन के तत्वावधान में UNICEF एवं एग्रीकॉन फाउंडेशन के सहयोग से जिला स्तरीय किशोर सशक्तीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जशपुर, कुनकुरी एवं बगीचा विकासखंड की 45 ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिव शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायत स्तर पर किशोर-किशोरियों की शिक्षा, सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करना था।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर श्री रोहित व्यास, जिला पंचायत CEO श्री अभिषेक कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक, साइबर सेल DSP श्री निलेश कुमार एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के DPO श्री अनुकूल पांडे की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इसके साथ ही स्कूल शिक्षा विभाग एवं समग्र शिक्षा से श्रीमती दीपा गुप्ता, जन विकास शिक्षण संस्थान की प्रेसिडेंट श्रीमती ममता कुजूर तथा Alliance for Behaviour Change के सदस्य शामिल हुए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे।

बाल विवाह से लेकर साइबर सुरक्षा तक महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा
कार्यशाला के दौरान किशोर सशक्तीकरण, बाल विवाह की रोकथाम, मानव तस्करी, साइबर सुरक्षा, स्कूल ड्रॉपआउट की रोकथाम, बच्चों की शिक्षा, ‘आज क्या सीखा’ एवं ‘पढ़ाई का कोना’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इन विषयों पर जागरूकता सत्र आयोजित कर पंचायत स्तर पर किशोर-किशोरियों की सुरक्षा, शिक्षा एवं बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में इस बात पर जोर दिया गया कि किशोर-किशोरियों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए पंचायतों, संबंधित विभागों एवं सामाजिक संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। साथ ही बाल विवाह, मानव तस्करी एवं स्कूल ड्रॉपआउट जैसी चुनौतियों की रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया गया।
UNICEF-एग्रीकॉन टीम ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम के आयोजक एवं समन्वयक के रूप में UNICEF-एग्रीकॉन की डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर सुश्री शालिनी गुप्ता, जशपुर विकासखंड समन्वयक गुरुदेव प्रसाद, कुनकुरी विकासखंड समन्वयक पंकज यादव एवं बगीचा विकासखंड समन्वयक बिलासो प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।