जादू-टोना के शक में बुजुर्ग की हत्या, बोलेरो से कुचलकर हादसे का रूप देने की कोशिश; मुख्य आरोपी गिरफ्तार , बगीचा के….

जशपुर। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम जामपानी, सरबकोंबो में 68 वर्षीय बुजुर्ग की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। प्रथम दृष्टया सड़क हादसा दिखाई दे रही घटना पुलिस की जांच में जादू-टोना के संदेह में की गई सोची-समझी हत्या निकली। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बुजुर्ग को बोलेरो वाहन से जानबूझकर ठोकर मारकर हत्या की और घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया।

मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी दीपक यादव (21 वर्ष), निवासी ग्राम जामपानी सरबकोंबो, थाना बगीचा, जिला जशपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन क्रमांक CG 14 MC 5946 को भी जब्त किया है। मामले में बैगा सहित अन्य तीन आरोपी फरार हैं, जिन्हें पुलिस ने चिन्हित कर लिया है और उनकी लगातार पतासाजी की जा रही है।

29 सितंबर को हुई थी बुजुर्ग की मौत

पुलिस के अनुसार ग्राम जामपानी सरबकोंबो निवासी जोयो राम (68 वर्ष) की 29 सितंबर 2026 को मृत्यु होने की सूचना थाना बगीचा में प्राप्त हुई थी। इस पर थाना बगीचा में मर्ग क्रमांक 126/2026, धारा 194 BNSS कायम कर जांच शुरू की गई। मृतक के शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया गया।

शव के पंचनामा के दौरान सिर, माथे और बाएं पैर में चोट के निशान पाए गए। पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में चिकित्सक ने मृतक की मृत्यु सिर में लगी चोट एवं अत्यधिक रक्तस्राव के कारण होना बताया।

मर्ग जांच के दौरान मृतक के परिजनों और गवाहों के बयान लिए गए। कथनों एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस के सामने यह तथ्य आया कि जोयो राम को बोलेरो वाहन क्रमांक CG 14 MC 5946 से जानबूझकर ठोकर मारकर उसकी हत्या की गई है।

मृतक की पत्नी पर टोनही होने का लगाया जाता था आरोप

विवेचना के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि गांव के दीपक यादव, उसके पिता और चाचा द्वारा मृतक जोयो राम की पत्नी पर टोनही होने एवं जादू-टोना करने का आरोप लगाया जाता था। इसी बात को लेकर पिछले 2-3 वर्षों से मृतक के परिवार के साथ रंजिश चली आ रही थी।

पुलिस के अनुसार, गांव के एक बैगा, जिसे पुलिस ने चिन्हित कर लिया है, द्वारा भी मृतक की पत्नी के जादू-टोना करने के कारण परिवार के सदस्यों की तबीयत खराब होने की बात बताए जाने की जानकारी सामने आई है।

पूर्व योजना बनाकर हत्या को दिया गया अंजाम

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी दीपक यादव, पिता कुरशो यादव, उम्र 21 वर्ष को दबिश देकर 1 अक्टूबर 2026 को हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर सामने आया कि मृतक की पत्नी पर जादू-टोना करने का आरोप लगाते हुए आरोपी पक्ष द्वारा पूर्व में कई बार उसे समझाने की बात कही गई थी। इसके बावजूद कथित रूप से जादू-टोना करना बंद नहीं करने की बात कहते हुए दीपक यादव, उसके पिता एवं चाचा द्वारा 29 सितंबर 2026 को दोपहर में जोयो राम की हत्या की योजना बनाई गई।

योजना के अनुसार जोयो राम के मक्का खेत की ओर जाने की जानकारी होने के कारण उसे वहीं वाहन से कुचलकर हत्या करने तथा घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने की योजना बनाई गई।

मक्का खेत के सामने बोलेरो से मारी ठोकर

पुलिस के अनुसार 29 सितंबर 2026 को शाम करीब 4 बजे आरोपी दीपक यादव अपने चाचा के बोलेरो वाहन क्रमांक CG 14 MC 5946 को लेकर डाहीडांड़ की ओर गया। वहां जोयो राम मेन रोड से करीब 5-10 मीटर की दूरी पर अपने मक्का खेत के सामने खड़ा था।

आरोपी द्वारा वाहन को आगे ले जाकर वापस मोड़ने और तेज गति से जानबूझकर जोयो राम को ठोकर मारने की बात मेमोरेंडम कथन में बताई गई है। पुलिस के अनुसार वाहन की ठोकर से जोयो राम की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी वाहन लेकर बगीचा की ओर फरार हो गया, ताकि घटना सामान्य सड़क दुर्घटना प्रतीत हो।

घटना में प्रयुक्त बोलेरो जब्त

आरोपी द्वारा घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन क्रमांक CG 14 MC 5946 पुलिस के समक्ष पेश किए जाने पर गवाहों की उपस्थिति में जब्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया।

मामले में थाना बगीचा में अपराध क्रमांक 259/2026 के तहत BNS की धारा 103(1), 61(2) एवं छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना अधिनियम की धारा 4, 5, 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

मुख्य आरोपी जेल भेजा गया, तीन फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार आरोपी के अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर दीपक यादव (21 वर्ष), निवासी जामपानी सरबकोंबो, थाना बगीचा, जिला जशपुर को विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

मामले में फरार आरोपियों की पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही है। पुलिस ने फरार आरोपियों को चिन्हित कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

मामले की कार्रवाई एवं आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी बगीचा निरीक्षक विक्रांत कुमार सोन, सहायक उप निरीक्षक अनिल कामरे, नरेश मिंज एवं प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी बोले—अंधविश्वास के नाम पर हिंसा बर्दाश्त नहीं

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया सड़क दुर्घटना दिख रहा यह मामला जांच में अंधविश्वास और जादू-टोने के संदेह में की गई सोची-समझी हत्या निकला है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी को बोलेरो सहित गिरफ्तार कर लिया है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

उन्होंने कहा कि जिले में अंधविश्वास के नाम पर हिंसा कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के अंधविश्वास एवं ओझा-बैगा के बहकावे में न आएं।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment