महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त का भुगतान आज, 67.38 लाख महिलाओं के खाते में पहुंचेंगे ₹632.40 करोड़

रायपुर: छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त का भुगतान आज 8 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की महतारियों को 32वीं किस्त की राशि का अंतरण किया जाएगा।

इस किस्त के तहत ई-केवायसी करा चुके 67 लाख 38 हजार 217 हितग्राहियों को कुल ₹632 करोड़ 40 लाख 04 हजार 250 की राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से उनके खातों में भेजी जाएगी।

मार्च 2024 में शुरू हुई थी योजना

प्रदेश में महतारी वंदन योजना 1 मार्च 2024 से लागू की गई थी। योजना का लाभ लेने के लिए कुल 70 लाख 27 हजार 154 हितग्राहियों ने आवेदन किया था। इनमें पात्रता रखने वाली 70 लाख 09 हजार 578 महिलाओं को 10 मार्च 2024 को पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करकमलों से सहायता राशि का अंतरण किया गया था।

महतारी वंदन योजना के तहत हितग्राहियों को डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया जाता है। इस राशि का उपयोग राज्य की महिलाओं द्वारा सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण तथा कुपोषण और एनीमिया की रोकथाम के लिए किया जा रहा है।

31 किश्तों में ₹20,075.71 करोड़ की सहायता

योजना शुरू होने से अब तक प्रदेश की महतारियों को 31 किश्तों में ₹20,075.71 करोड़ की सहायता अनुमोदित कर दी जा चुकी है।

अब 32वीं किस्त के रूप में ₹632.40 करोड़ से अधिक की राशि का भुगतान किया जा रहा है। 32वीं किस्त के भुगतान के बाद योजना के तहत हितग्राहियों को दी गई कुल राशि बढ़कर ₹20,708.11 करोड़ हो जाएगी।

67.38 लाख से अधिक हितग्राहियों को मिलेगा भुगतान

अक्टूबर 2026 की 32वीं किस्त के भुगतान के लिए अद्यतन स्थिति में कुल 68 लाख 52 हजार 661 हितग्राही पात्र हैं। इनमें से अनुमोदन हेतु 67 लाख 31 हजार 314 हितग्राही तथा नियद नेल्लानार के हितग्राहियों की 12वीं किस्त के भुगतान अनुमोदन हेतु 6 हजार 903 हितग्राही शामिल हैं।

इस प्रकार कुल 67 लाख 38 हजार 217 हितग्राहियों को महतारी वंदन योजना की राशि का भुगतान डीबीटी के माध्यम से किया जा रहा है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment