रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए सरकार, पुलिस, न्यायपालिका, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को मिलकर जनआंदोलन खड़ा करना होगा। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान तथा अधिकारों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री राजधानी रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सभागार में मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषय पर आयोजित राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने राज्य महिला आयोग की पहल की सराहना करते हुए कहा कि कार्यशाला में मिले सुझाव महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में उपयोगी होंगे।
जशपुर में समन्वित प्रयासों से कम हुई तस्करी की समस्या
मुख्यमंत्री ने अपने गृह जिले जशपुर का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय वहां मानव तस्करी की समस्या गंभीर थी। सरकार, पुलिस, महिला आयोग और सामाजिक संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से इसमें कमी आई है। उन्होंने आगाह किया कि कई मामलों में परिचित लोग ही नौकरी या बेहतर भविष्य का लालच देकर बेटियों को तस्करी के जाल में फंसाते हैं। ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए परिवारों और समाज में जागरूकता तथा सतर्कता जरूरी है।
उन्होंने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और भविष्य से जुड़े गंभीर विषय हैं। इनका उन्मूलन किसी एक विभाग या संस्था के प्रयास से संभव नहीं है। इसके लिए पूरे समाज को सामूहिक जिम्मेदारी निभानी होगी।
प्रदेश में 42 सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में 42 सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित हैं। यहां हिंसा से पीड़ित महिलाओं को एक ही स्थान पर चिकित्सा सहायता, कानूनी परामर्श, मनोवैज्ञानिक सहयोग और अन्य जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। महिलाओं की सहायता के लिए 24 घंटे महिला हेल्पलाइन 181 और आपातकालीन नंबर 112 भी उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए महिला थानों की संख्या बढ़ाई गई है और पुलिस थानों में महिला हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। छत्तीसगढ़ पुलिस के अभिव्यक्ति ऐप के जरिए भी महिलाएं शिकायत दर्ज कराने के साथ सुरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकती हैं।
महतारी वंदन से 68 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित
साय ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ आर्थिक सशक्तिकरण भी सरकार की प्राथमिकता है। महतारी वंदन योजना की 33 किश्तें जारी की जा चुकी हैं और 68 लाख से अधिक महिलाएं इससे लाभान्वित हो रही हैं। योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता से महिलाएं घरेलू जरूरतों में योगदान देने के साथ छोटे व्यवसाय भी शुरू कर रही हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार, छत्तीसगढ़ में लगभग 14 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। प्रशिक्षण, आजीविका संवर्धन और स्वरोजगार के अवसरों के जरिए महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान का उल्लेख करते हुए बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।
कार्यशाला के सुझावों को जमीन पर उतारने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यशाला की सार्थकता तभी होगी, जब विचार-विमर्श और सुझावों को व्यवहार में लागू किया जाए। शासन-प्रशासन, पुलिस, न्यायपालिका, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को टीम भावना से काम कर महिलाओं और बेटियों के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण तैयार करना होगा।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी एवं दीपिका सोरी, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सच्चिदानंद शुक्ला सहित न्यायपालिका, पुलिस विभाग और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।
स्रोत: छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग की उपलब्ध कराई गई शासकीय प्रेस विज्ञप्ति।
महिलाओं की सुरक्षा, सरकारी योजनाओं और छत्तीसगढ़ की हर बड़ी खबर से जुड़े रहने के लिए पढ़ते रहें संवाद छत्तीसगढ़ — प्रदेश की ताजा और भरोसेमंद खबरों के लिए हमारी वेबसाइट पर आते रहें।
https://samvadchhattisgarh.com