छूटे हुए एवं नये पात्र युवा मतदाताओं के पंजीयन हेतु 31 अक्टूबर तक विशेष अभियान

जशपुरनगर 08 अक्टूबर 2026/ भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छ.ग. रायपुर के अनुपालन में जशपुर जिले में छूटे हुए एवं नये पात्र युवा मतदाताओं के पंजीयन के लिए 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य ऐसे पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना है, जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है।

विशेष अभियान के अंतर्गत 17 वर्ष या उससे अधिक आयु पूर्ण कर चुके युवाओं तथा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवाओं के मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया को सुगम बनाया जाएगा। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदान केंद्र क्षेत्र में घर-घर भ्रमण करेंगे और प्रत्येक सप्ताह बुधवार और गुरुवार को विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाते हुए मतदाता सूची में अपना पंजीयन अवश्य सुनिश्चित करें। पात्र नागरिक ईसीआईनेट मोबाइल ऐप अथवा भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट http://voter.eci.gov.in के माध्यम से फॉर्म-6 ऑनलाइन भरकर आवेदन कर सकते हैं।

विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए मतदाताओं से भी बीएलओ पुनः संपर्क करेंगे। अभियान के दौरान जिले के सभी स्कूलों एवं महाविद्यालयों में गठित निर्वाचक साक्षरता क्लब के माध्यम से पात्र विद्यार्थियों को जानकारी दी जाएगी।

अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा स्कूल-कॉलेजों के निर्वाचक साक्षरता क्लब के नोडल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment