जशपुर। जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने के मामले में पुलिस ने आरोपी निराकार यादव उर्फ रिंकू यादव (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त XL6 कार भी जब्त की है। आरोपी के विरुद्ध थाना पत्थलगांव में अपराध क्रमांक 193/2026, धारा 74, 351(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं धारा 8 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
बस का इंतजार कर रही नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोप
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को प्रार्थी ने पत्थलगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 16 वर्षीय नाबालिग बालिका अपनी मौसी के घर रहकर कक्षा 12वीं में पढ़ाई करती है। 30 अगस्त 2026 को बालिका अपने घर से मौसी के घर जाने के लिए बस से निकली थी।
रास्ते में बस का इंतजार करने के दौरान दोपहर करीब 3 बजे आरोपी निराकार यादव उर्फ रिंकू यादव अपनी XL6 कार लेकर वहां पहुंचा। आरोप है कि आरोपी ने नाबालिग को अश्लील इशारे किए और कार से उतरकर जबरन उसका हाथ पकड़ लिया। इसके बाद वह उसे अपने साथ कार में चलने के लिए कहने लगा।
नाबालिग के चिल्लाने पर कार लेकर भागा आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी की हरकतों से परेशान होकर नाबालिग चिल्लाने लगी, जिसके बाद आरोपी उसका हाथ छोड़कर कार लेकर मौके से फरार हो गया। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि आरोपी इससे पहले भी नाबालिग का पीछा कर अश्लील हरकत और छेड़छाड़ कर चुका था।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 193/2026 के तहत बीएनएस की धारा 74, 351(2) एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 8 में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
लगातार तलाश के बाद गृह ग्राम से पकड़ा गया आरोपी
मामले की विवेचना के दौरान महिला पुलिस अधिकारी द्वारा नाबालिग पीड़िता का कथन दर्ज किया गया। प्रार्थी एवं गवाहों के बयान भी दर्ज किए गए और आवश्यक विवेचनात्मक कार्रवाई की गई।
घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान 7 अक्टूबर 2026 को पुलिस ने आरोपी को उसके गृह ग्राम से हिरासत में लिया।
घटना में प्रयुक्त XL6 कार जब्त, आरोपी जेल भेजा गया
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घटना में प्रयुक्त XL6 कार गवाहों के समक्ष प्रस्तुत की, जिसे पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया। विवेचना के दौरान आरोपी के विरुद्ध प्रथम दृष्टया अपराध से संबंधित पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने तथा पूछताछ में अपराध स्वीकार करने के आधार पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
मामले की कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी में उप निरीक्षक विद्या राम यादव, प्रधान आरक्षक सुभाष नायक, चंद्र विजय साय तथा आरक्षक वीरेंद्र यादव, देव सिंह एवं राजेंद्र रात्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों पर सख्त कार्रवाई: एसएसपी
मामले में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।