CG: धान खरीदी से पहले डिजिटल क्रॉप सर्वे पर सख्ती, मुख्य सचिव विकासशील ने दिए शत-प्रतिशत गिरदावरी के निर्देश

खेतों में बोई गई फसल का बनेगा सटीक डिजिटल रिकॉर्ड, सर्वे का होगा क्रॉस वेरिफिकेशन; नक्शों की त्रुटियां दूर करने और भूमि अभिलेखों को अपडेट करने पर जोर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत शत-प्रतिशत गिरदावरी सुनिश्चित करने और खेतों में बोई गई फसल की वास्तविक स्थिति का सटीक डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य सचिव श्री विकासशील ने अधिकारियों को सर्वे में दर्ज जानकारी का मौके पर सत्यापन करने, त्रुटिपूर्ण रिकॉर्ड में सुधार करने और सर्वे की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए राज्य स्तर पर टीम गठित कर विभिन्न जिलों में फील्ड वेरिफिकेशन कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में 9 अक्टूबर 2026 को मंत्रालय महानदी भवन, रायपुर में डिजिटल क्रॉप सर्वे के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वे की प्रगति, भूमि अभिलेखों की पूर्णता और शत-प्रतिशत गिरदावरी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही की समीक्षा की गई।

खेतों में बोई गई फसल का तैयार होगा डिजिटल रिकॉर्ड

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में फसलें बोई गई हैं, वहां उनकी वास्तविक स्थिति का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाए। संबंधित खसरों का सत्यापन कर यह सुनिश्चित किया जाए कि भूमि पर फसल लगी है या नहीं। फसल वाले क्षेत्रों में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पॉलीगॉन बनाकर फसल संबंधी जानकारी दर्ज की जाए।

उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से खेतों में बोई गई फसल का सटीक और विश्वसनीय विवरण तैयार किया जाना चाहिए, ताकि सर्वे में वास्तविक स्थिति का सही प्रतिबिंब दिखाई दे।

डिजिटल क्रॉप सर्वे का होगा क्रॉस वेरिफिकेशन

मुख्य सचिव ने सर्वे की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए राज्य स्तर पर टीम गठित कर विभिन्न जिलों में फील्ड वेरिफिकेशन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वे में दर्ज जानकारी का मौके पर सत्यापन किया जाए और इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाए।

रिपोर्ट में कितने खसरों का सत्यापन हुआ, कितने रिकॉर्ड सही पाए गए और किन स्थानों पर त्रुटियां मिलीं, इसका स्पष्ट विवरण दर्ज किया जाए। त्रुटिपूर्ण रिकॉर्ड में सुधार के साथ सर्वे की आंतरिक जांच भी सुनिश्चित की जाए।

मुख्य सचिव ने डिजिटल क्रॉप सर्वे के आंकड़ों का धान की खेती, किसान पंजीयन और धान उपार्जन से संबंधित आंकड़ों के साथ तुलनात्मक परीक्षण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न अभिलेखों में उपलब्ध जानकारियों का मिलान कर आवश्यक सुधार करने को कहा।

नक्शों की त्रुटियां दूर करने तकनीकी समाधान तलाशने के निर्देश

बैठक में डिजिटल क्रॉप सर्वे के दौरान सामने आई प्रमुख बाधाओं की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने कहा कि नक्शों की अनुपलब्धता और अन्य तकनीकी समस्याओं के कारण सर्वे का कार्य अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए।

उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को इन समस्याओं के निराकरण के लिए उपयुक्त तकनीकी समाधान तलाशने और आवश्यकतानुसार नक्शों को अद्यतन करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि जिन मामलों में भौतिक सत्यापन और पॉलीगॉन सत्यापन आवश्यक है, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरा किया जाए, ताकि सर्वे के दौरान सामने आने वाली कमियों का समय पर निराकरण हो सके।

कलेक्टरों के साथ बैठक कर होगी समीक्षा

मुख्य सचिव ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति और सत्यापन कार्यों की समीक्षा के लिए कलेक्टरों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी जिलों के संबंधित अधिकारी गांवों और खेतों के रिकॉर्ड का सत्यापन करें तथा कमियों को दूर करने के लिए समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करें। सर्वे की नियमित निगरानी के साथ विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्य को प्रभावी ढंग से पूरा किया जाए।

बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में मुख्यमंत्री एवं ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की सचिव सुश्री रीना बाबा साहब कंगाले, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव श्री सिद्धार्थ कोमल परदेशी, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव श्रीमती शम्मी आबिदी, संचालक उद्योग श्री प्रभात मलिक, संचालक भू-अभिलेख श्री विनीत नंदनवार तथा संचालक खाद्य फरिया आलम सिद्दीकी सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment