जशपुरनगर, 11 अक्टूबर 2026/ जशपुर में दशहरा उत्सव को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को कलेक्टरेट सभाकक्ष में दशहरा उत्सव समिति के सदस्यों और संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने अधिकारियों को उत्सव के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह भी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री व्यास ने दशहरा उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी पूजा स्थलों की साफ-सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने बेलवरन जुरगुम, मां काली मंदिर, श्री बालाजी मंदिर सहित अन्य पूजा स्थलों में आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्त्र-शस्त्र और पूजन स्थलों की सुरक्षा एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की बात कही। रथ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए यात्रा मार्ग की साफ-सफाई, रास्ते में आने वाली पेड़ों की झुकी डालियों की छंटाई तथा रथ की तकनीकी जांच सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। वहीं विद्युत विभाग को पूजा स्थलों और कार्यक्रम मार्गों से गुजरने वाली बिजली लाइनों की जांच करने तथा विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सुरक्षित बनाए रखने को कहा गया।
रणजीता स्टेडियम में सुरक्षा के पर्याप्त व्यवस्था करने निर्देश
कलेक्टर श्री व्यास ने दशहरा के दिन रणजीता स्टेडियम में रावण दहन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखने बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, प्रवेश और निकासी के लिए सुव्यवस्थित मार्ग, अग्निशमन दल की तैनाती तथा आतिशबाजी के दौरान सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम की उपलब्धता और कार्यक्रम स्थल के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने शहर से रणजीता स्टेडियम की ओर आने वाले प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था करने की आवश्यकता बताई, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य दशहरा उत्सव में शामिल होने वाले नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और सभी कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, दशहरा उत्सव समिति जशपुर से श्री कृष्ण कुमार राय, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री राजेश गुप्ता, श्री परमानन्द मिश्रा, श्री नरेश नन्दे, श्री मनोज रमाकांत मिश्र सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।