जशपुर: जशपुर वनमण्डल के कुनकुरी वन परिक्षेत्र अंतर्गत धुमांडाड नवाटोली स्थित चर्च परिसर में एक हाथी के पहुंचने से क्षेत्र में सतर्कता बरती जा रही है। वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को हाथी के विचरण की सूचना मिली। हाथी सुबह लगभग 5:30 बजे धुमांडाड (नवाटोली) स्थित चर्च परिसर में प्रवेश कर गया था।
कई गांवों से होते हुए धुमांडाड पहुंचा हाथी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाथी ढोंगाअम्बा बीट से सरसपुर, रजैटी और लोटापानी होते हुए धुमांडाड (नवाटोली) पहुंचा। वर्तमान में हाथी रेमते के जंगल में विचरण कर रहा है।
वन विभाग की टीम लगातार रख रही नजर
हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने और क्षेत्र में जन-सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है। विभागीय अमले द्वारा हाथी की गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा रही है। वन विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील
वन विभाग ने संबंधित क्षेत्र के ग्रामीणों और आम नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील की है। नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे हाथी के संभावित विचरण क्षेत्र और आसपास के जंगलों में अनावश्यक रूप से प्रवेश न करें। हाथी की उपस्थिति की जानकारी मिलने पर उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि हाथी के नजदीक न जाएं और उसे देखने के लिए भीड़ एकत्रित न करें। हाथी को घेरने, भगाने, परेशान करने अथवा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ करने का प्रयास न करें। हाथी के नजदीक जाने से जान-माल की हानि होने की आशंका बनी रहती है।
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
वन विभाग ने आम नागरिकों से स्वयं और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हाथी से पर्याप्त दूरी बनाए रखने, विभागीय अमले को आवश्यक सहयोग देने तथा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
इसके साथ ही घटना के संबंध में किसी भी प्रकार की अपुष्ट जानकारी या अफवाहों पर विश्वास न करने और उन्हें प्रसारित नहीं करने का अनुरोध किया गया है।