मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर मरगा नाला में उच्च स्तरीय पुल निर्माण कार्य में तेजी ,4.52 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा पुल, जशपुर से सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों तक आवागमन होगा सुगम

जशपुरनगर, 21 अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जिले में सड़क एवं पुल-पुलियों के निर्माण कार्यों को गति दी जा रही है। इसी कड़ी में सन्ना मार्ग स्थित मरगा नाला पर 4 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से उच्च स्तरीय पुल का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। पुल निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगी।मरगा नाला पर पहले सकरी पुलिया होने के कारण आवागमन में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। संकरे मार्ग के कारण कई बार यातायात बाधित होने की स्थिति बन जाती थी। ऐसे में उच्च स्तरीय पुल का निर्माण पूरा होने से लोगों को इस समस्या से राहत मिलेगी और आवागमन की सुविधा बेहतर होगी। क्षेत्रवासियों ने पुल निर्माण कार्य के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।

कई जिलों को जोड़ने वाले मार्ग को मिलेगी मजबूती

सन्ना मार्ग जशपुर जिला मुख्यालय को सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों की ओर जाने वाले मार्गों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में मरगा नाला पर उच्च स्तरीय पुल का निर्माण क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ अन्य जिलों की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।

जिले में 22 उच्च स्तरीय पुलों के लिए 109 करोड़ रुपये की मिली है स्वीकृति

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले में आवागमन की सुविधा को बेहतर बनाने और सड़क संपर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए 22 उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण के लिए लगभग 109 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इन पुलों के निर्माण से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम होगा तथा ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण से विशेष रूप से उन क्षेत्रों के लोगों को लाभ मिलेगा, जहां नदी-नालों के कारण आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बरसात के मौसम में जलस्तर बढ़ने से कई स्थानों पर आवागमन प्रभावित होता है। ऐसे क्षेत्रों में पुलों का निर्माण होने से वर्षभर सुरक्षित और सुचारु आवागमन की सुविधा विकसित करने में मदद मिलेगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment