जशपुर: शासन की पारदर्शी एवं डिजिटल सेवा प्रणाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग द्वारा सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से शासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के विद्यार्थियों के स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) ऑनलाइन जारी करने की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। इससे विद्यार्थियों को समय पर टीसी उपलब्ध कराने में सुविधा होगी और पूरी प्रक्रिया अधिक सरल, सुगम एवं पारदर्शी बनेगी।
इसी कड़ी में 27 अक्टूबर 2026 को जशपुर में एक दिवसीय भौतिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिले के सभी विकासखंडों के विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रभारी प्राचार्य उपस्थित रहे।
आवेदनों के सत्यापन और ऑनलाइन अनुमोदन की दी गई जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं प्राचार्यों को सेवा सेतु पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का त्वरित सत्यापन करने, डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (DSC) के माध्यम से ऑनलाइन अनुमोदन करने तथा पोर्टल से जुड़ी विभिन्न तकनीकी समस्याओं के समाधान की विस्तृत जानकारी दी गई।
साथ ही, प्राचार्यों के डीएससी डोंगल की पोर्टल पर आवश्यक मैपिंग भी की गई, ताकि ऑनलाइन टीसी जारी करने की प्रक्रिया में तकनीकी बाधाएं न आएं और विद्यार्थियों को निर्धारित समय पर स्थानांतरण प्रमाण पत्र मिल सके।
विद्यार्थियों और अभिभावकों को मिलेगी सुविधा
इस पहल से विद्यालयों में टीसी जारी करने की प्रक्रिया सरल, त्वरित और पारदर्शी होने की उम्मीद है। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन प्रमाण पत्र जारी होने से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को सुविधा मिलेगी। साथ ही, शिक्षा विभाग की सेवाओं के डिजिटलीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा।