जशपुर: जशपुर जिले के तुमला थाना क्षेत्र में एक 37 वर्षीय दिव्यांग महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता बोलने में असमर्थ है। मामले में पीड़िता के भाई की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
खेत के पास हुई घटना, भाई ने दर्ज कराई रिपोर्ट
जशपुर पुलिस की ओर से 29 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, घटना 25 अक्टूबर 2026 की शाम लगभग 6:30 बजे की है। तुमला थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले 34 वर्षीय प्रार्थी ने 26 अक्टूबर 2026 को थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई।
प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि वह शाम को शौच के लिए मैदान की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसे भदरा झाड़ी की ओर से किसी के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर वह तत्काल उस दिशा में पहुंचा, जहां उसने अपनी दिव्यांग बहन के साथ गांव के ही चंद्रहास कुमार (20 वर्ष) को खेत के पास दुष्कर्म करते हुए देखने की बात कही।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी को मौके पर आता देखकर आरोपी अपने कपड़े, पर्स और मोबाइल फोन घटनास्थल पर छोड़कर भाग गया।
अपराध दर्ज कर आरोपी को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए थाना तुमला पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपी चंद्रहास कुमार के विरुद्ध अपराध क्रमांक 59/2026, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) एवं 64(2)(i) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पीड़िता का विधिवत मेडिकल परीक्षण कराया। विवेचना के दौरान पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया है। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तुमला पीएसआई जितेंद्र कुमार साहू, पीएसआई विमलेश्वरी मरकाम, प्रधान आरक्षक फ्रांसिस बेक, आरक्षक मुकेश भगत सहित थाना तुमला के स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर सख्त कार्रवाई: एसएसपी
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के प्रति गंभीर और संवेदनशील है। तुमला थाना क्षेत्र में दिव्यांग महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे गंभीर अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रकरण में पुलिस की अग्रिम कार्रवाई जारी है।