रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा 100 अधिकारियों-कर्मचारियों के स्थानांतरण किए गए हैं। जारी आदेश में 53 मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) और 24 अभियंता शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न पदों पर कार्यरत कर्मचारियों का भी तबादला किया गया है।
विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 5 लेखापाल, 4 स्वास्थ्य निरीक्षक, 4 भृत्य, 3 कैशियर, 3 सहायक ग्रेड-3 तथा एक-एक स्टेनोग्राफर, सहायक राजस्व निरीक्षक, कम्प्यूटर ऑपरेटर और वाहन चालक का स्थानांतरण किया गया है।
विभागीय जांच के बीच 3 सीएमओ निलंबन से बहाल
नगरीय प्रशासन विभाग ने विकास पाटले, विष्णु प्रसाद यादव और जफर खान को विभागीय जांच जारी रखते हुए निलंबन से बहाल किया है। बहाली के बाद तीनों अधिकारियों को अलग-अलग नगरीय निकायों में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के पद पर पदस्थ किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, विकास पाटले को दल्ली राजहरा नगर पालिका, विष्णु प्रसाद यादव को वाड्रफनगर नगर पंचायत और जफर खान को बिलाईगढ़ नगर पंचायत में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के पद पर पदस्थ किया गया है।
विभागीय जांच के गुण-दोषों के आधार पर होगा निलंबन अवधि का निराकरण
राज्य शासन द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि तीनों अधिकारियों के विरुद्ध प्रचलित विभागीय जांच जारी रहेगी। वहीं, उनके निलंबन काल का निराकरण संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध चल रही विभागीय जांच के गुण-दोषों के आधार पर पृथक से किया जाएगा।