जशपुर में 1.35 करोड़ की लागत से बने सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन का शुभारंभ, मुख्यमंत्री ने की 30 लाख की घोषणा

जशपुरनगर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को जशपुर शहर में 1 करोड़ 35 लाख 85 हजार रुपए की लागत से नवनिर्मित पंडित रामचंद्र पौराणिक सामुदायिक भवन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तर जशपुर क्षेत्र में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपए की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर के बीचों-बीच निर्मित यह सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा केंद्र साबित होगा। इससे शहरवासियों को विभिन्न आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

उन्होंने कहा कि मध्यम वर्गीय और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को अब शादी-विवाह सहित अन्य पारिवारिक आयोजनों के लिए टेंट लगाने पर होने वाले खर्च से राहत मिलेगी। जशपुर शहर के लोग अब इस भवन में शादी, जन्मदिन और सालगिरह जैसे कार्यक्रम आसानी से आयोजित कर सकेंगे।

8 कमरों से सुसज्जित है भवन

नवनिर्मित पंडित रामचंद्र पौराणिक सामुदायिक भवन में कुल 8 कमरे बनाए गए हैं। सभी कमरों में अटैच लेट-बाथरूम की सुविधा उपलब्ध है। भवन को इस तरह तैयार किया गया है कि आयोजन के दौरान लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, कृष्णा राय, अमर सुल्तानिया, जिला पंचायत सदस्य गेंद बिहारी, सुनील गुप्ता, भरत सिंह, सरगुजा संभागायुक्त नरेन्द्र दुग्गा, सरगुजा आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, नगर पालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment