जशपुर: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस एवं राज्योत्सव 2026 के अवसर पर रंजीता स्टेडियम, जशपुर में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित भव्य कार्यक्रम में UNICEF, Agricon Foundation एवं जिला प्रशासन के संयुक्त सहयोग से संचालित जय हो कार्यक्रम तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की सहभागिता सराहनीय रही। इस दौरान जनजागरूकता गतिविधियों, नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक संदेशों का प्रसार किया गया।
जय हो टीम द्वारा बाल विवाह उन्मूलन, मानव तस्करी, साइबर सुरक्षा एवं सड़क सुरक्षा पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक, जागरूकता स्टॉल, स्वागत गीत एवं आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियां दी गईं। स्टॉल के माध्यम से शिक्षा, बाल संरक्षण एवं किशोर-किशोरी सशक्तिकरण का संदेश जनसामान्य तक पहुंचाया गया।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिए महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश
बाल विवाह उन्मूलन: नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया गया कि 18 वर्ष से कम उम्र की लड़की तथा 21 वर्ष से कम उम्र के लड़के का विवाह बाल विवाह है। कम उम्र में विवाह होने से बच्चों, विशेषकर बालिकाओं को शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना, शिक्षा में बाधा तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के अंतर्गत बाल विवाह करवाने, संपन्न कराने, बढ़ावा देने या जानबूझकर अनुमति देने वाले संबंधित व्यक्तियों के लिए 2 वर्ष तक के कारावास एवं 1 लाख रुपए तक के जुर्माने का प्रावधान है। विवाह संपन्न कराने वाले व्यक्ति पर भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
साइबर सुरक्षा: ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, ओटीपी एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने से बचने के प्रति जागरूक किया गया। साइबर अपराध होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
बाल संरक्षण: बच्चों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार, शोषण एवं संकट की स्थिति में 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता प्राप्त करने की जानकारी दी गई।
मानव तस्करी एवं सड़क सुरक्षा: मानव तस्करी के प्रति सतर्कता, सुरक्षित व्यवहार तथा यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया। नाटक के माध्यम से बताया गया कि लापरवाही एवं असुरक्षित व्यवहार पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है।
जय हो टीम द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जनजागरूकता गतिविधियां संचालित कर बाल विवाह मुक्त समाज, सुरक्षित बचपन एवं जागरूक समुदाय के निर्माण के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
नुक्कड़ नाटक को मिली विशेष सराहना, मोमेंटो देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक रायमुनि भगत, कलेक्टर रोहित व्यास एवं जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित अन्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

जय हो टीम के नुक्कड़ नाटक को विशेष सराहना प्राप्त हुई। बीईओ एवं एबीईओ द्वारा मोमेंटो प्रदान कर टीम को सम्मानित किया गया। वहीं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को भी दर्शकों का भरपूर स्नेह एवं प्रशंसा मिली।
जय हो टीम एवं राष्ट्रीय सेवा योजना की रही महत्वपूर्ण सहभागिता
कार्यक्रम में जय हो जिला समन्वयक शालिनी गुप्ता, ब्लॉक समन्वयक पंकज यादव एवं बेलासो प्रजापति, स्वयंसेवक लीडर गुलशन एवं दिव्या भगत तथा समस्त सक्रिय स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण सहभागिता रही।
राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष सहयोगी डॉ. राजीव रंजन तिग्गा (सहायक अध्यापक एवं NSS कार्यक्रम अधिकारी, बगीचा), मधु कुमार ध्रुव एवं अवधेश पुरी (शिक्षक) सहित NSS स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों का भी सराहनीय योगदान रहा।
जय हो टीम एवं राष्ट्रीय सेवा योजना की इस सहभागिता ने राज्योत्सव के मंच को सामाजिक जागरूकता, सांस्कृतिक अभिव्यक्ति एवं जनहित के संदेशों से समृद्ध किया।