जशपुर: हत्या की घटना से व्यथित जूदेव परिवार पहुंचा लोढ़ेनापाठ, राजा रणविजय सिंह और युवराज यश प्रताप सिंह ने परिवार को बंधाया ढांढस; ग्रामीणों से की बच्चों को शिक्षित करने और जागरूक रहने की अपील

जशपुर। जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लोढ़ेनापाठ में पांच वर्षीय जितेंद्र की हत्या की हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। घटना के बाद पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में आज राजा रणविजय सिंह जूदेव एवं युवराज यश प्रताप सिंह जूदेव पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस कठिन समय में परिवार को हरसंभव साथ देने का भरोसा दिलाया।

इस दौरान बगीचा निवासी शंकर गुप्ता भी उनके साथ मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित थे। सभी ने पीड़ित परिवार से घटना के संबंध में जानकारी ली और बच्चे की असामयिक मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया।

दोषियों पर होगी कार्रवाई, हमारा पूरा परिवार आपके साथ है : राजा रणविजय सिंह जूदेव

पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान राजा रणविजय सिंह जूदेव ने कहा कि इस घटना में यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उसकी भी जांच चल रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि हमारा पूरा परिवार आप लोगों के साथ खड़ा है। इस दुख की घड़ी में परिवार को अकेला महसूस करने की जरूरत नहीं है।

राजा रणविजय सिंह जूदेव ने ग्रामीणों से सामाजिक जागरूकता पर जोर देते हुए कहा कि अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें और उन्हें अच्छी शिक्षा प्रदान करें। शिक्षा ही बच्चों के बेहतर भविष्य और समाज के विकास का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने ग्रामीणों से शराब का सेवन कम करने, सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और अपने आसपास होने वाली गतिविधियों के प्रति जागरूक रहने की अपील भी की।

बच्चों की शिक्षा और जागरूक समाज निर्माण पर युवराज यश प्रताप सिंह जूदेव ने दिया जोर

इस अवसर पर युवराज यश प्रताप सिंह जूदेव ने भी पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं से पूरा समाज प्रभावित होता है। ऐसे समय में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए।

उन्होंने ग्रामीणों से बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने, उन्हें अच्छे संस्कार देने और गांव में जागरूकता का वातावरण बनाने की अपील की। साथ ही आपसी सहयोग, सामाजिक एकता और बच्चों की सुरक्षा के प्रति सजग रहने पर भी जोर दिया।

पांच बच्चों वाले परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

उल्लेखनीय है कि पीड़ित परिवार में कुल पांच बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटे और दो बेटियां हैं। इनमें पांच वर्षीय जितेंद्र की हत्या कर दी गई। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मासूम की मौत से माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना ने पूरे गांव सहित आसपास के क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार ग्राम लोढ़ेनापाठ, पंचायत लरंगा का निवासी है। वहीं मामले का आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू (27 वर्ष) ग्राम गोर्रापाठ, ग्राम पंचायत चलनी का रहने वाला है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पांच वर्षीय बच्चे को बहलाकर अपने साथ ले जाने के बाद उसकी हत्या कर दी थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं। आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत को सामने रखा है। पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे राजा रणविजय सिंह जूदेव और युवराज यश प्रताप सिंह जूदेव ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ग्रामीणों को जागरूक रहने और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।

जशपुर सहित छत्तीसगढ़ की हर महत्वपूर्ण खबर सबसे पहले और विस्तार से पढ़ने के लिए जुड़े रहिए ‘संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज’ के साथ।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें: https://samvadchhattisgarh.com

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment