जशपुर। जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में पांच वर्षीय मासूम की हत्या की हृदयविदारक घटना के बाद जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचीं। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और मासूम को श्रद्धांजलि अर्पित की। विधायक ने परिजनों को इस दुख की घड़ी में ढांढस बंधाते हुए उनके प्रति संवेदना प्रकट की।
इस दौरान विधायक ने ग्रामीणों को गर्म वस्त्र वितरित किए तथा बच्चों को मिठाइयां बांटीं। उनके साथ मंडल अध्यक्ष आनंद यादव, महामंत्री नसरूल्लाह सिद्दीकी, महामंत्री श्रीमती काजल राय, जिला उपाध्यक्ष शंकर गुप्ता, पूर्व बीडीसी मंगल राम, सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

पांच बच्चों वाले परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
उल्लेखनीय है कि पीड़ित परिवार में कुल पांच बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटे और दो बेटियां हैं। इनमें पांच वर्षीय एक मासूम बेटे की निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मासूम की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
आरोपी ने वारदात को दिया था अंजाम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार ग्राम लोढ़ेनापाठ, पंचायत लरंगा का निवासी है। वहीं मामले का आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू (27 वर्ष) ग्राम गोर्रापाठ, ग्राम पंचायत चलनी का रहने वाला है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पांच वर्षीय मासूम को बहलाकर अपने साथ ले जाने के बाद उसकी हत्या कर दी थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मासूम की हत्या की इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पीड़ित परिवार से मुलाकात कर विधायक रायमुनी भगत ने शोक की इस घड़ी में परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
ऐसी ही क्षेत्रीय और छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खबरों के लिए पढ़ते रहिए संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज।
