रायगढ़ के कापू थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात, 22 वर्षीय सोमारी पहाड़ी कोरवा की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार; पुलिस ने बांस का डंडा किया जब्त
रायगढ़, 19 नवंबर 2026। रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद एक पति द्वारा अपनी पत्नी की हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले पत्नी को हाथ-मुक्कों और बांस के डंडे से बेरहमी से पीटा और फिर पैर से गला दबाकर उसकी जान ले ली। मृतिका की मां की शिकायत पर कापू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका सोमारी पहाड़ी कोरवा (22 वर्ष) की शादी करीब चार वर्ष पहले ग्राम टेढ़ासेमरा निवासी सत्यनारायण पहाड़ी कोरवा (26 वर्ष) के साथ हुई थी। मृतिका की मां दिनो बाई पहाड़ी कोरवा निवासी ग्राम सारुजोबा, थाना सीतापुर, जिला सरगुजा ने 17 नवंबर 2026 को थाना कापू में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रिपोर्ट के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को सोमारी अपने पति के साथ घरेलू एवं व्यक्तिगत सामान खरीदने के लिए कोनपारा विजयपुर गई थी। वहां से वापस लौटते समय कोनपारा बस्ती के पास दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। रात के समय विवाद बढ़ने पर आरोपी पति ने गुस्से में आकर पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। उसने बांस के डंडे से उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह जमीन पर गिर गई। इसके बाद हाथ-पैर से मारपीट करते हुए उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की ने पुलिस टीम के साथ ग्राम कोनपारा के बऊराहीपारा में दबिश दी और संदेही सत्यनारायण पहाड़ी कोरवा को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि 15 नवंबर की सुबह वह अपनी पत्नी के साथ सामान खरीदने कोनपारा विजयपुर गया था। वापस लौटते समय दोनों ने रास्ते में शराब पी थी। रात होने के कारण नशे की हालत में उसकी पत्नी रास्ते में कई जगह गिर गई थी। कपड़े गीले होने पर उसने कपड़े उतार दिए और खेत के पास बैठ गई। आरोपी उसे घर चलने के लिए कहता रहा, लेकिन पत्नी के नहीं मानने पर वह गुस्से में आ गया। इसके बाद उसने हाथ-मुक्कों और बांस के डंडे से उसकी बेदम पिटाई की तथा पैर से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा जब्त किया है। मामले में अपराध क्रमांक 186/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शिवम कोमरे, प्रधान आरक्षक सोमेश गोस्वामी एवं हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही।
एसएसपी ने नागरिकों से की हिंसा से दूर रहने की अपील
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि घरेलू विवाद और छोटी-छोटी बातों पर आवेश में आकर हिंसा करना किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं है। आपसी विवाद कई बार गंभीर अपराधों का कारण बन जाते हैं, जिसका परिणाम पूरे परिवार को भुगतना पड़ता है।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि विवाद की स्थिति में संयम और समझदारी से काम लें तथा किसी भी प्रकार की हिंसा होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। महिलाओं के विरुद्ध हिंसा और हत्या जैसे गंभीर अपराधों में रायगढ़ पुलिस सख्त वैधानिक कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।
छत्तीसगढ़ और आसपास के जिलों की महत्वपूर्ण खबरों से जुड़े रहने के लिए पढ़ते रहें संवाद छत्तीसगढ़। ताजा समाचारों के लिए विजिट करें: samvadchhattisgarh.com