जशपुर के ग्राम डोड़काचौरा में अवैध खनन करते पकड़ी गई जेसीबी, मुरूम परिवहन में लगे महिंद्रा 415 ट्रैक्टर पर भी कार्रवाई; खनिज मद में जमा कराई गई समझौता राशि
जशपुरनगर, 19 नवंबर 2026। समाचार पत्रों में प्रकाशित अवैध खनन से संबंधित खबरों पर संज्ञान लेते हुए खनिज विभाग, जशपुर द्वारा जांच कर कार्रवाई की गई है। विभाग ने ग्राम डोड़काचौरा में अवैध मुरूम उत्खनन और परिवहन के मामले में जेसीबी एवं ट्रैक्टर जब्त कर कुल 61,984 रुपये की अर्थदंड/समझौता राशि खनिज मद में जमा कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 अगस्त 2026 को प्रकाशित खबर “कोबडो पहाड़ में अवैध खनन, रोजाना जेसीबी से खुदाई कर 50 ट्रैक्टर मुरूम निकाल रहे” के संबंध में 31 अगस्त 2026 को ग्राम सरूडीह में खनिज विभाग द्वारा जांच की गई। जांच के दौरान मौके पर जेसीबी से खुदाई एवं मुरूम परिवहन होते नहीं पाया गया।
इसी प्रकार, 11 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित खबर “टिले से मुरूम निकाली, जमीन समतल की, बीच से नहीं निकाला पोल” के संबंध में 15 अक्टूबर 2026 को ग्राम गुटरे, ग्राम पंचायत कनमोरा, चांपाटोली एवं एनएच-43 किनारे जांच की गई। इस दौरान भी मौके पर मुरूम खनन करते हुए कोई नहीं पाया गया।
वहीं, 03 नवंबर 2026 को तहसील जशपुर के ग्राम डोड़काचौरा में जांच के दौरान खनिज विभाग की टीम ने अवैध मुरूम उत्खनन करते हुए जेसीबी क्रमांक OD23S9343 तथा अवैध मुरूम परिवहन करते हुए महिंद्रा 415 ट्रैक्टर को जब्त किया।
इस मामले में खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। कार्रवाई के बाद कुल 61,984 रुपये की अर्थदंड/समझौता राशि खनिज मद में जमा कराई गई।
खनिज विभाग द्वारा अवैध खनन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अवैध उत्खनन एवं परिवहन के मामलों में इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।
छत्तीसगढ़ की ताजा खबरों और जशपुर जिले की हर महत्वपूर्ण गतिविधि से जुड़े रहने के लिए पढ़ते रहें संवाद छत्तीसगढ़। पूरी खबरों के लिए विजिट करें: samvadchhattisgarh.com
