बिजली उपभोक्ताओं की अतिरिक्त सुरक्षा निधि नया नियम नहीं, 188.53 करोड़ रुपये ब्याज का लाभ

रायपुर। बिजली उपभोक्ताओं से ली जाने वाली अतिरिक्त सुरक्षा निधि (डिपॉजिट मनी) कोई नया नियम नहीं है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनियों के अनुसार यह व्यवस्था अविभाजित मध्यप्रदेश विद्युत मंडल के समय से लागू है और छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग के प्रावधानों के तहत हर साल उपभोक्ताओं की बिजली खपत के आधार पर इसकी गणना की जाती है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह राशि बिजली बिल का शुल्क नहीं, बल्कि उपभोक्ता की जमानत राशि होती है।

कंपनी के मुताबिक, पिछले 12 महीनों की बिजली खपत के आधार पर सुरक्षा निधि की समीक्षा की जाती है। नियामकीय प्रावधान के तहत दो महीने यानी 60 दिन की औसत बिजली खपत के देयक के बराबर सुरक्षा निधि रखी जाती है। पहले से जमा राशि और निर्धारित सुरक्षा निधि के बीच अंतर होने पर ही अतिरिक्त राशि जमा करने को कहा जाता है।

इस साल करीब 6.18 लाख उपभोक्ताओं से अतिरिक्त राशि

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनियों की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, प्रदेश में कुल 67.57 लाख बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें से इस वर्ष करीब 6 लाख 18 हजार उपभोक्ताओं से अतिरिक्त सुरक्षा निधि जमा कराई जानी है। जिन उपभोक्ताओं की वार्षिक खपत बढ़ी है और पहले जमा सुरक्षा निधि निर्धारित स्तर से कम है, उन्हीं से अंतर की राशि मांगी जाती है। खपत घटने की स्थिति में अतिरिक्त सुरक्षा निधि को बिजली बिल में समायोजित कर लौटाने का भी प्रावधान है।

सुरक्षा निधि पर 5.75 प्रतिशत ब्याज

कंपनी ने बताया कि सुरक्षा निधि पर उपभोक्ताओं को ब्याज दिया जाता है। इस वर्ष 5.75 प्रतिशत की दर से ब्याज की गणना कर मई महीने के बिजली बिल में कुल 188.53 करोड़ रुपये का लाभ समायोजित किया गया। कंपनी के अनुसार यह ब्याज बचत खाते में मिलने वाली दर से अधिक है। कनेक्शन स्थायी रूप से बंद कराने पर बकाया देयकों का समायोजन करने के बाद सुरक्षा निधि उपभोक्ता को वापस कर दी जाती है।

बिजली बिल की भुगतान अवधि को ध्यान में रखकर तय व्यवस्था

कंपनी के अनुसार, किसी महीने की बिजली खपत का बिल अगले महीने जारी किया जाता है और उपभोक्ता को भुगतान के लिए 15 दिन का अतिरिक्त समय भी मिलता है। इस पूरी प्रक्रिया में लगभग दो महीने का समय लग जाता है। इसी अवधि को ध्यान में रखते हुए नियामक आयोग ने 60 दिन की औसत खपत के देयक के बराबर सुरक्षा निधि रखने का प्रावधान किया है।

किस्तों में जमा करने की सुविधा

अतिरिक्त सुरक्षा निधि की राशि एकमुश्त जमा करने में परेशानी होने पर उपभोक्ता किस्तों में भुगतान के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए संबंधित वितरण केंद्र में आवेदन देना होगा। उच्चदाब उपभोक्ताओं के अनुरोध पर संबंधित क्षेत्रीय मुख्य अभियंता किस्तों में राशि जमा करने की सुविधा प्रदान कर सकते हैं।

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनियों ने उपभोक्ताओं को बताया है कि अतिरिक्त सुरक्षा निधि बिजली खपत का शुल्क नहीं, बल्कि जमा जमानत राशि है। इसकी गणना पूर्व में जमा सुरक्षा निधि और वार्षिक बिजली खपत के आधार पर की जाती है तथा इस राशि पर ब्याज का लाभ भी दिया जाता है।

स्रोत: छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनियां, रायपुर की समाचार विज्ञप्ति, 23 नवंबर 2026।

बिजली उपभोक्ताओं से जुड़ी जरूरी सूचनाओं, बिल और ऊर्जा क्षेत्र के अपडेट के लिए पढ़ते रहें संवाद छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ की ताजा खबरों के लिए हमारी वेबसाइट पर जुड़े रहें।

https://samvadchhattisgarh.com

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment