रायपुर। छत्तीसगढ़ की साहित्यिक, सांस्कृतिक और वैचारिक परंपराओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से राजधानी में 8 से 10 जनवरी 2027 तक रायपुर साहित्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास में वरिष्ठ साहित्यकारों की उपस्थिति में उत्सव के प्रतीक चिह्न का अनावरण और पोस्टर विमोचन कर आयोजन की औपचारिक घोषणा की। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘युवा भारत’ रखी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भाषाओं, बोलियों, लोककथाओं, गीत-संगीत और साहित्य में यहां के जनजीवन तथा सांस्कृतिक चेतना की गहरी अभिव्यक्ति मिलती है। साहित्य उत्सव इस विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के साथ नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने का मंच बनेगा।
जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य को मिलेगा विशेष स्थान
मुख्यमंत्री ने गोंडी, हल्बी, कुड़ुख और सादरी सहित प्रदेश की जनजातीय भाषाओं एवं बोलियों में समाहित लोकज्ञान, लोककथाओं और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण तथा दस्तावेजीकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्सव में जनजातीय साहित्य, लोकभाषाओं और पारंपरिक रचनात्मक अभिव्यक्तियों को प्रमुख स्थान दिया जाना चाहिए।
युवा रचनाकारों को मिलेगा अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच
‘युवा भारत’ थीम को भारत की युवा शक्ति, भाषाई विविधता और साझा भविष्य के संकल्प से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री ने युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही। उत्सव में उभरते रचनाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, विचार साझा करने और स्थापित साहित्यकारों से संवाद का अवसर मिलेगा।
साहित्यकारों ने दिए आयोजन को व्यापक बनाने के सुझाव
कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकारों, कवियों और रचनाकारों ने पिछले वर्ष के आयोजन के अनुभव साझा किए तथा आगामी उत्सव को और प्रभावशाली बनाने के सुझाव दिए। उन्होंने साहित्य, कला और संस्कृति को प्रोत्साहन देने की राज्य सरकार की पहल की सराहना की और आयोजन में सक्रिय सहभागिता का भरोसा जताया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार श्री पंकज झा, सलाहकार श्री आर. कृष्णा दास, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष श्री शशांक शर्मा, जनसंपर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव सहित प्रदेशभर से आए साहित्यकार, कवि, लेखक और आयोजन से जुड़े गणमान्यजन उपस्थित थे।
रायपुर और छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खबरों के लिए संवाद छत्तीसगढ़ पढ़ते रहें। ताजा अपडेट के लिए विजिट करें: samvadchhattisgarh.com