कोरबा में निर्माण कार्यों में लापरवाही पर दो ठेकेदार एजेंसियां ब्लैकलिस्ट

रायपुर। शासकीय निर्माण कार्यों में लापरवाही और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा नहीं करने पर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने दो ठेकेदार एजेंसियों के विरुद्ध कार्रवाई की है। मंडल ने मेसर्स विनायक इंफ्रास्ट्रक्चर और मेसर्स सार्थक ट्रेडर्स को काली सूची (ब्लैकलिस्ट) में दर्ज करने का आदेश जारी किया है।

मामला कोरबा जिले के तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों—रंजना (विकासखंड कटघोरा), उतरदा (विकासखंड पाली) और पसान (विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा)—में आवासीय भवनों के निर्माण से जुड़ा है। अनुबंध के अनुसार इन निर्माण कार्यों को नौ माह की अवधि में पूरा किया जाना था।

धीमी प्रगति पर जारी किया गया था कारण बताओ नोटिस

निर्माण कार्यों की प्रगति अत्यंत धीमी रहने और ठेकेदार एजेंसियों की लापरवाही से काम प्रभावित होने पर मंडल ने संबंधित एजेंसियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने और कार्यों के प्रति उदासीनता को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई की गई।

मंडल के आदेश के अनुसार मेसर्स विनायक इंफ्रास्ट्रक्चर, ब-वर्ग ठेकेदार (CGeR12820) और मेसर्स सार्थक ट्रेडर्स, द-वर्ग ठेकेदार (CGeR20160) को काली सूची में दर्ज किया गया है।

‘गुणवत्ता और जवाबदेही से कोई समझौता नहीं’

मंडल अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव ने कहा कि शासकीय निर्माण कार्य आम नागरिकों की सुविधाओं और जनहित से सीधे जुड़े होते हैं। इनमें लापरवाही, अनावश्यक विलंब या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार्य नहीं है। प्रत्येक निर्माण एजेंसी को अनुबंध की शर्तों का पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करना होगा। जनहित के कार्यों में लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मंडल आयुक्त श्री अवनीश कुमार शरण ने कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन मंडल की प्राथमिकता है। ठेकेदारों को समय-सीमा, निर्माण गुणवत्ता और अनुबंध की शर्तों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी निर्माण कार्यों की सतत निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंडल ने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है। अनावश्यक विलंब, लापरवाही या अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन पर ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

स्रोत: छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल से संबंधित उपलब्ध कराई गई समाचार विज्ञप्ति।

कोरबा और छत्तीसगढ़ की विकास एवं प्रशासन से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों के लिए संवाद छत्तीसगढ़ पढ़ते रहें। ताजा अपडेट के लिए विजिट करें: samvadchhattisgarh.com

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment