नवा रायपुर में बनेगी साइंस सिटी, युवाओं को पेटेंट में मदद; गांवों तक पहुंचेगी चलित विज्ञान बस

रायपुर। छत्तीसगढ़ में विज्ञान, अनुसंधान और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार प्रस्तावित साइंस सिटी की स्थापना की प्रक्रिया तेज करेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (सिकॉस्ट) और छत्तीसगढ़ रीजनल साइंस सेंटर के कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान और आधुनिक तकनीक का लाभ शासन के विभिन्न विभागों के साथ आम नागरिकों तक पहुंचना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने युवाओं, विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और नवाचारकर्ताओं को पेटेंट सहित बौद्धिक संपदा अधिकार प्राप्त करने में सहयोग देने पर भी जोर दिया। बैठक में उप मुख्यमंत्री एवं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री विजय शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

📌 यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ के 30 कॉलेज बनेंगे उत्कृष्टता केंद्र, 1.40 लाख विद्यार्थियों को इंटर्नशिप

नवा रायपुर में बनेगी आधुनिक सुविधाओं से युक्त साइंस सिटी

बैठक में प्रस्तावित साइंस सिटी की रूपरेखा की जानकारी दी गई। यहां 7-डी थिएटर, टाइम मशीन सिम्युलेटर, प्लेनेटेरियम, स्पेस एंड एस्ट्रोनॉमी गैलरी, ऑन एयर विज्ञान पार्क, द ग्रीन गार्जियन, स्पेस ओडिसी, साइंस ऑन स्फीयर, डिजिटल पैनोरमा, ऑडिटोरियम और रिन्यूएबल एनर्जी पार्क जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है। मुख्यमंत्री ने स्थापना से जुड़ी प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने को कहा।

इन सुविधाओं के माध्यम से बच्चों, युवाओं और आम लोगों को विज्ञान के सिद्धांतों तथा आधुनिक तकनीकों को रोचक और अनुभवात्मक तरीके से समझने का अवसर मिलेगा। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी विज्ञान संबंधी नवाचारों का लाभ प्रदेश के लोगों तक पहुंचाने और साइंस सिटी को पर्यटन आकर्षण के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।

सिकॉस्ट की प्रयोगशालाओं से जुड़ेंगे विश्वविद्यालय और कॉलेज

मुख्यमंत्री ने सिकॉस्ट में स्थापित केंद्रीय प्रयोगशालाओं को प्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अनुसंधान की सुविधाओं का लाभ मिल सके। बैठक में समर साइंस कैंप की गतिविधियों और विज्ञान केंद्र में विकसित की जा रही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) गैलरी की जानकारी भी दी गई।

इसके अलावा सूरजपुर जिले के मायापुर में कर्क रेखा गुजरने वाले क्षेत्र में प्रस्तावित एस्ट्रो साइंस पार्क के निर्माण पर चर्चा हुई।

📌 यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ के कॉलेजों में एआई की नई शुरुआत: गूगल फॉर एजुकेशन से एमओयू

📌 यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ रीजनल साइंस सेंटर में विद्यार्थियों ने दिखाई वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता

कृषि, आपदा प्रबंधन और राजस्व कार्यों में बढ़ेगा तकनीक का उपयोग

मुख्यमंत्री ने विभाग को स्ववित्तपोषण की संभावनाएं बढ़ाने और वैज्ञानिक अनुसंधान तथा तकनीकी परियोजनाओं को व्यावहारिक जरूरतों से जोड़ने के निर्देश दिए। कृषि, ग्रामीण विकास, पर्यावरण और राजस्व विभागों की आवश्यकताओं के अनुरूप परियोजनाएं तैयार करने पर जोर दिया गया।

बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन, निर्माण कार्यों की निगरानी, राजस्व निरीक्षण, भू-अभिलेखों के प्रबंधन और भूमि उपयोग के आकलन में आधुनिक वैज्ञानिक एवं तकनीकी संसाधनों का अधिक उपयोग करने को कहा गया। शासकीय विभागों के साथ निजी संस्थाओं और फर्मों को भी आवश्यक वैज्ञानिक एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही गई।

युवाओं को पेटेंट और बौद्धिक संपदा अधिकार में मिलेगी मदद

बैठक में बौद्धिक संपदा अधिकारों से संबंधित सहायता और मार्गदर्शन के लिए जारी टोल-फ्री नंबर की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने प्रतिभाशाली युवाओं, शोधकर्ताओं और नवाचारकर्ताओं को पेटेंट सहित विभिन्न बौद्धिक संपदा अधिकार प्राप्त करने की प्रक्रिया में सहयोग देने के निर्देश दिए, ताकि उनके मौलिक विचारों और वैज्ञानिक खोजों को संरक्षण तथा पहचान मिल सके।

चलित विज्ञान जागरूकता बस से गांवों तक पहुंचेगी जानकारी

ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में विज्ञान के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाने के लिए चलित विज्ञान जागरूकता बस के संचालन पर भी चर्चा हुई। इसके जरिए बच्चों और आम नागरिकों तक वैज्ञानिक प्रयोगों, आधुनिक तकनीकों और विज्ञान से जुड़ी रोचक जानकारियां पहुंचाने तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में उप मुख्यमंत्री एवं विज्ञान-प्रौद्योगिकी मंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुबोध कुमार सिंह, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा और छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक प्रशांत कविश्वर सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ में विज्ञान, तकनीक और विकास से जुड़ी ऐसी ही अहम खबरों के लिए संवाद छत्तीसगढ़ के साथ जुड़े रहें। प्रदेश की ताजा और भरोसेमंद खबरें पढ़ने के लिए हमारी वेबसाइट पर विजिट करें।
https://samvadchhattisgarh.com/

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh