धमतरी: ग्रामीण महिलाओं को तकनीकी कौशल और उद्यमिता से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से धमतरी जिले में ‘स्त्री’ (STREE) परियोजना का शुभारंभ किया गया है। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान विभाग (DSIR) द्वारा प्रायोजित इस परियोजना का क्रियान्वयन एनआईटी रायपुर फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप (NITRRFIE), जिला प्रशासन धमतरी के सहयोग से कर रहा है। परियोजना के लिए 89.97 लाख रुपये की राशि स्वीकृत बताई गई है।
36 महीनों में 300 महिलाओं को मिलेगा प्रशिक्षण
परियोजना के तहत अगले 36 महीनों में 300 ग्रामीण महिलाओं को कोसा सिल्क प्रसंस्करण, आधुनिक बुनाई, उत्पाद विकास और उद्यमिता का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य पारंपरिक कोसा सिल्क और कृषि-अपशिष्ट आधारित शिल्प को बेहतर डिजाइन, गुणवत्ता और बाजार से जोड़कर महिलाओं के लिए आजीविका तथा स्वरोजगार के अवसर विकसित करना है।
शुभारंभ अवसर पर ग्रामीण महिलाओं और स्व-सहायता समूहों के लिए एक दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यशाला भी आयोजित की गई। इसमें ई-कॉमर्स, उत्पाद डिजाइन, उत्पादों की फोटो बेहतर बनाने और डिजिटल विज्ञापन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी गई।
📌 यह भी पढ़ें: जशपुर की समिता पैकरा बनीं लखपति दीदी, खेती-किसानी और स्वरोजगार से बढ़ाई परिवार की आय
स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की तैयारी
शासकीय पॉलिटेक्निक रुद्री स्थित ‘स्त्री’ स्किल सैटेलाइट सेंटर के माध्यम से महिलाओं को संगठित कर प्रशिक्षण और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की योजना है। स्थानीय शिल्प एवं उत्पादों को GeM और ONDC जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जोड़ने पर भी जोर दिया जाएगा, जिससे ग्रामीण उत्पादों को व्यापक बाजार मिल सके।
परियोजना में मोटराइज्ड रीलिंग, इलेक्ट्रॉनिक जैक्वार्ड लूम, AI-सहायता प्राप्त डिजाइन और व्यवस्थित लागत निर्धारण जैसी तकनीकों को शामिल किया गया है। प्रशिक्षण के जरिए महिलाओं को केवल बुनाई तक सीमित न रखकर उत्पाद निर्माण, ब्रांडिंग और उद्यम संचालन की दिशा में आगे बढ़ाने का लक्ष्य है।
📌 यह भी पढ़ें: बिहान योजना से आत्मनिर्भर बन रहीं भुनेश्वरी साहू, गेंदे की खेती ने बदली जिंदगी
NIT रायपुर और जिला प्रशासन की साझेदारी
कार्यक्रम में एनआईटी रायपुर के निदेशक प्रो. एन. वी. रमना राव, आईआईएम रायपुर के प्रभारी निदेशक प्रो. संजीव पराशर, धमतरी नगर निगम के महापौर रामू रोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अविनाश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। परियोजना को DSIR, MeitY के इंडिया AI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, छत्तीसगढ़ शासन और एनआईटी रायपुर का सहयोग प्राप्त है।
📌 यह भी पढ़ें: रेडी-टू-ईट निर्माण से सरस्वती समूह को हर महीने 50 हजार रुपये का मुनाफा, ग्रामीण महिलाओं को रोजगार
धमतरी सहित छत्तीसगढ़ में महिला स्व-सहायता समूहों, स्वरोजगार और ग्रामीण विकास से जुड़ी ऐसी ही खबरों के लिए संवाद छत्तीसगढ़ पढ़ते रहें। samvadchhattisgarh.com