जशपुर। जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौवंश तस्करी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे कथित मुख्य आरोपी संजीव सिंह उर्फ संजू सिंह (41) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, थाना कुनकुरी और चौकी सोनक्यारी की संयुक्त टीम ने 25 नवंबर की रात कुनकुरी स्थित उसके घर पर दबिश देकर उसे पकड़ा। आरोपी को 26 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, संजीव सिंह चौकी सोनक्यारी में दर्ज अपराध क्रमांक 30/26 में फरार था। यह मामला छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत दर्ज है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी।
📌 यह भी पढ़ें: जशपुर में जंगल के रास्ते ले जाए जा रहे 11 भैंसों को पुलिस ने कराया मुक्त
ईब नदी के पास 10 गौवंश कराए गए थे मुक्त
मामले की शुरुआत 10 अप्रैल 2026 को हुई थी। पुलिस के मुताबिक, मुखबिर की सूचना पर चौकी सोनक्यारी की टीम ने ग्राम गुल्लू में ईब नदी के पास पैदल हांककर ले जाए जा रहे 10 गौवंशों को मुक्त कराया था। इस कार्रवाई में मुकेश राम को गिरफ्तार किया गया था, जबकि अन्य आरोपी जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज कर मुकेश राम को न्यायिक रिमांड पर भेजा था। पूछताछ के दौरान मुकेश राम ने कथित तौर पर बताया कि मवेशियों को संजीव सिंह उर्फ संजू सिंह, शंभू यादव और भादरो यादव के कहने पर कजरा से गुल्लू नदी तक ले जाया जा रहा था। घटनास्थल से मिली डीलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-14-MP-8942) के बारे में जांच में पुलिस ने उसे संजीव सिंह की होना बताया।
📌 यह भी पढ़ें: ऑपरेशन शंखनाद में जशपुर पुलिस की कार्रवाई, 70 गौवंशों के साथ 23 आरोपी गिरफ्तार
घर पर दबिश देकर पकड़ा, न्यायिक रिमांड पर भेजा
पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान मामले में शामिल कुछ अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। मुख्य आरोपी संजीव सिंह घटना के बाद से फरार था। मुखबिर की सूचना और पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद से उसके कुनकुरी स्थित घर में मौजूद होने की जानकारी मिली, जिसके बाद सोनक्यारी और कुनकुरी पुलिस की संयुक्त टीम ने रात करीब 12 बजे घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर 26 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
📌 यह भी पढ़ें: जशपुर में ऑपरेशन शंखनाद के तहत 8 गौवंश मुक्त, दो आरोपी गिरफ्तार
आरोपी पर 40 प्रकरण दर्ज होने का पुलिस का दावा
जशपुर पुलिस के मुताबिक, संजीव सिंह आदतन अपराधी है और उसके विरुद्ध जिले के अलग-अलग थाना-चौकियों में पशु तस्करी, लूट और चोरी सहित करीब 40 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड और पशु तस्करी से जुड़ी अन्य गतिविधियों की जानकारी भी जुटा रही है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी सोनक्यारी प्रशिक्षु उप निरीक्षक मोहन लाल मरकाम, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर वारले, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा तथा आरक्षक विमल मिंज, आनंद मिंज, मशीह चरण और चंद्रशेखर बंजारे की भूमिका रही।
जशपुर और आसपास के क्षेत्रों की अपराध, पुलिस कार्रवाई और जनहित से जुड़ी ताजा खबरों के लिए संवाद छत्तीसगढ़ पढ़ते रहें। स्थानीय खबरों की विश्वसनीय अपडेट के लिए विजिट करें: samvadchhattisgarh.com