एग्रीस्टैक पंजीयन में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, किसानों को समय पर मिले खाद-बीज : कलेक्टर रोहित व्यास

जशपुरनगर, 22 जून 2026/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज कलेक्टरेट सभाकक्ष में राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक लेकर विभागीय कार्यों और विकास योजनाओं की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों का एग्रीस्टैक पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह कार्य निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से पूरा करें। पंजीयन कार्य में अनावश्यक विलंब पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा। कलेक्टर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गांवों में जाकर किसानों से सीधे संपर्क स्थापित कर एग्रीस्टैक पंजीयन कराने तथा इस कार्य में अपेक्षित सहयोग नहीं देने वाले बीएलई के विरुद्ध भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
     बैठक में कलेक्टर ने रासायनिक खाद एवं बीज के भंडारण और वितरण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने किसानों को समय पर खाद एवं बीज उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि कृषि कार्यों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। उन्होंने निजी उर्वरक एवं बीज विक्रय केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर खाद बेचने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए दुकानों को सील करने के निर्देश दिए। साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड का शत-प्रतिशत निर्माण सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के संदिग्ध प्रकरणों की जांच शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि अपात्र हितग्राहियों के नाम विलोपित किए जाएं, ताकि योजना का लाभ केवल पात्र किसानों को ही मिल सके।
    राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री व्यास ने आधार एवं मोबाइल नंबर अद्यतन, किसान किताब प्रविष्टि, अविवादित एवं फौती नामांतरण, नक्शा अद्यतन, बटांकन, सीमांकन, ई-नामांतरण, स्वामित्व योजना, अभिलेख दुरुस्तीकरण, अभिलेख शुद्धता, व्यपवर्तन तथा राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी राजस्व प्रकरणों का नियमानुसार शत-प्रतिशत निराकरण निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए। बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने सीमांकन कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।  बैठक में सभी एसडीएम, तहसीलदार, कृषि विभाग के उप संचालक, सभी एसडीओ तथा कृषि विकास विस्तार अधिकारी उपस्थित थे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment