जशपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता- सहायिकाओं ने निकाली रैली, 5 सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

जशपुर: संयुक्त मंच के प्रांतीय आह्वान पर सोमवार, 27 अक्टूबर 2026 को प्रदेशभर के साथ जशपुर जिले में भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने एक दिवसीय हड़ताल, धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ, पंजीयन क्रमांक 409, के बैनर तले जिलेभर की सैकड़ों कार्यकर्ता-सहायिकाएं रणजीता स्टेडियम चौक, जशपुर के पास एकत्रित हुईं और अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई।

धरना-प्रदर्शन के बाद संघ के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर जशपुर को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े तथा सचिव, महिला एवं बाल विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के नाम संबोधित था।

ज्ञापन में संयुक्त मंच की 5 सूत्रीय मांगों का उल्लेख करते हुए शासन से गंभीरता से विचार कर शीघ्र सकारात्मक एवं समयबद्ध निर्णय लेने की मांग की गई। संघ का कहना है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं वर्षों से महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर सफल बनाने में उनका अहम योगदान है, लेकिन मानदेय, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विषय अब भी समाधान की प्रतीक्षा में हैं।

पदाधिकारियों ने सरकार को दिया स्पष्ट संदेश

जिला मीडिया प्रभारी निशा सिंह ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुबह से शाम तक शासन की योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम करती हैं। पोषण, टीकाकरण और सर्वेक्षण सहित विभिन्न कार्यों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इसके बावजूद उनके मानदेय और अधिकारों से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन सरकार का ध्यान इन मांगों की ओर आकर्षित करने के लिए किया गया है।

ब्लॉक अध्यक्ष अंजना टोप्पो ने कहा कि संयुक्त मंच के आह्वान पर जशपुर जिले के सभी ब्लॉकों की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एक मंच पर एकजुट हुई हैं। उन्होंने एकजुटता को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि जब तक 5 सूत्रीय मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक चरणबद्ध तरीके से आंदोलन जारी रहेगा।

ब्लॉक अध्यक्ष कृपा सिंह ने कहा कि संघ ने हमेशा लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपनी बात रखी है। रणजीता स्टेडियम चौक से कलेक्ट्रेट तक शांतिपूर्ण रैली निकालकर कार्यकर्ताओं ने अपनी एकता का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल मानदेय की नहीं, बल्कि सम्मान और अधिकारों की भी है।

पदाधिकारी नीलम एक्का ने कहा कि कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री और विभागीय मंत्री तक ज्ञापन पहुंचाना उनकी लोकतांत्रिक ताकत का प्रतीक है। उन्होंने सरकार से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की मांगों को गंभीरता से सुनने तथा जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।

मांगें पूरी नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी

संघ ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय में मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया, तो संयुक्त मंच के निर्देशानुसार आगे भी चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।

कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष अंजना टोप्पो, जिला मीडिया प्रभारी निशा सिंह, परियोजना अध्यक्ष कृपा सिंह, नीलम एक्का, अनुकंपा, रीना राय, हेमा पाठक, ऊषा पाठक, उर्मिला मिंज, सत्यम सिंह, प्रफुल्ला भगत, रीना, कुसुम कांता और बालों बड़ाइक सहित सभी सेक्टर अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका दीदियां उपस्थित रहीं।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment