जशपुर। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने जशपुर के कम्युनिटी हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिले के लिए करीब 93 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भूमिपूजन करने के साथ ही जशपुर नगर के विकास के लिए 4 करोड़ 68 लाख रुपए के नए विकास कार्यों की घोषणा की।
भूमिपूजन किए गए कार्यों में 86 करोड़ 99 लाख रुपए की अमृत मिशन के तहत जल प्रदाय योजना तथा करीब 7 करोड़ रुपए की लागत से गंदे पानी के शुद्धिकरण के लिए वाटर फिल्टर संबंधी कार्य शामिल हैं।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि जशपुर के विकास के लिए पैसों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने नगर के विभिन्न विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृत करने की घोषणा की।
रानी सती तालाब और हाईटेक बस स्टैंड के लिए भी मिलेगी राशि
जशपुर नगर के विकास के तहत रानी सती तालाब के लिए 4 करोड़ 30 लाख रुपए, हाईटेक बस स्टैंड के लिए 11 करोड़ 99 लाख रुपए तथा वशिष्ठ कम्युनिटी हॉल के जीर्णोद्धार के लिए 80 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की जाएगी। इसके अलावा नगर के अन्य आवश्यक विकास कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की बात कही गई।
कार्यक्रम में वनवासी कल्याण आश्रम के महामंत्री श्री योगेश बापट, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जशपुर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम भगत, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री योगेश्वर उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।