जशपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति देते हुए बनगाँव आश्रम चौक से मुड़ाटोली पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए 4 करोड़ 89 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार इस बहुप्रतीक्षित सड़क परियोजना के निर्माण से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी और वर्षों से चली आ रही सड़क की मांग पूरी होगी।
ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से इस मार्ग के निर्माण की मांग की जा रही थी। सड़क की स्वीकृति मिलते ही क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई सड़क बनने से आवागमन आसान होगा तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। उनका कहना है कि यह केवल सड़क निर्माण नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
ग्रामीणों के अनुसार अब तक इस मार्ग की खराब स्थिति के कारण विशेषकर बरसात के मौसम में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई स्थानों पर सड़क जर्जर होने से आवागमन बाधित हो जाता था, जिससे विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज पहुंचने, किसानों को कृषि उपज बाजार तक ले जाने और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में कठिनाई होती थी। नई सड़क बनने के बाद इन समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
जशपुर जिले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार सड़क निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क स्थापित होने से न केवल लोगों की आवाजाही सुगम होगी, बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे कृषि, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच पहले से अधिक आसान होगी।
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र के गांवों का संपर्क बेहतर होगा, परिवहन सुविधाओं में सुधार आएगा और विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलेगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह परियोजना आने वाले समय में क्षेत्र की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से जशपुर जिले में लगातार विकास कार्यों को गति मिल रही है। सड़क, पुल-पुलिया और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए स्वीकृत की जा रही परियोजनाएं ग्रामीण अंचलों की तस्वीर बदलने का कार्य कर रही हैं। बनगाँव आश्रम चौक से मुड़ाटोली तक सड़क निर्माण की यह स्वीकृति भी जिले के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।