सर्दियों में मनमाने रंग के स्वेटर पहनने पर रोक नहीं, बच्चों को जूते-चप्पल उतारने के लिए मजबूर करने वाले स्कूलों पर भी सख्ती
भोपाल। मध्यप्रदेश में सर्दी के मौसम को देखते हुए स्कूली विद्यार्थियों के हित में लोक शिक्षण संचालनालय ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। अब सरकारी और निजी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को निर्धारित स्कूल यूनिफॉर्म से अलग रंग या डिजाइन का स्वेटर अथवा गर्म कपड़े पहनकर आने पर कक्षा में प्रवेश से नहीं रोका जा सकेगा।
लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश शासन, भोपाल द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि कई विद्यालयों में ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां निर्धारित गणवेश से अलग रंग या डिजाइन के स्वेटर और गर्म कपड़े पहनकर आने वाले विद्यार्थियों को कक्षा में बैठने से वंचित कर दिया जाता है।
संचालनालय ने इस पर स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा है कि सर्दी के मौसम में यदि कोई विद्यार्थी किसी दिन निर्धारित गणवेश से अलग रंग या डिजाइन के गर्म कपड़े अथवा स्वेटर पहनकर विद्यालय आता है, तो उसे कक्षा में उपस्थित होने से नहीं रोका जाए।

जूते-चप्पल उतरवाने पर भी लगाई रोक
निर्देश में विद्यालयों की एक अन्य व्यवस्था पर भी आपत्ति जताई गई है। कुछ विद्यालयों में सर्दी के मौसम में विद्यार्थियों को कक्षा के बाहर जूते-चप्पल उतारने के लिए बाध्य किया जाता है। इससे ठंड लगने और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका रहती है।
इसलिए संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों को कक्षा के बाहर जूते-चप्पल उतारने के लिए बाध्य नहीं किया जाए।
सभी जिलों के शिक्षा अधिकारियों को निर्देश
यह आदेश लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक डी.एस. कुशवाह द्वारा जारी किया गया है। इसमें प्रदेश के समस्त जिला शिक्षा अधिकारियों तथा जनजातीय कार्य विभाग के जिला सहायक आयुक्तों और संयोजकों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के लिए कहा गया है।
इस निर्णय का उद्देश्य सर्दियों में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, सुविधा और शिक्षा के अधिकार को प्राथमिकता देना है, ताकि केवल गणवेश या जूते-चप्पल के नियमों के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित न हो।
आधिकारिक स्रोत: लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश शासन, भोपाल। आदेश दिनांक 18 नवंबर 2025।