Breaking Jashpur: बगीचा में गिरदावरी कर रहे युवक को तलवार दिखाकर लूटी बाइक, 3 गिरफ्तार  ,4 नाबालिग अभिरक्षा में

जशपुर, 18 अक्टूबर 2026। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के महादेवडांड़ में खेतों की गिरदावरी का काम कर रहे एक युवक से कथित तौर पर तलवार दिखाकर रुपये मांगने और रुपये नहीं देने पर उसकी मोटरसाइकिल लूटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार और लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, मामले में थाना बगीचा में अपराध क्रमांक 275/2026, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

खेत में गिरदावरी कर रहे युवक को घेरा

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पकरीकछार निवासी संतोष कुमार (33 वर्ष) पिछले दो वर्षों से बासेन और महादेवडांड़ क्षेत्र में खेत-जमीन की गिरदावरी का काम कर रहे हैं। उन्होंने 16 अक्टूबर 2026 को बगीचा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे वह ग्राम महादेवडांड़ के कुरोंग पंचायत अंतर्गत किसानपारा में सीसी रोड के पास एक खेत में गिरदावरी कर रहे थे।

इसी दौरान डोन तिर्की अपने साथी अमीर कुमार खाखा उर्फ पठिया के साथ वहां पहुंचा। शिकायत के अनुसार, डोन तिर्की के हाथ में तलवार थी। दोनों ने युवक से पूछा कि वह उनके गांव में क्या करने आया है और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए डराने-धमकाने लगे।

रुपये नहीं देने पर मोटरसाइकिल लूटने का आरोप

शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने तलवार दिखाकर संतोष कुमार से रुपये की मांग की। जब उन्होंने अपने पास पैसे नहीं होने की बात कही, तो उनके पांच अन्य साथी भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर युवक से रुपये मांगे और पैसे नहीं देने पर उसकी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 15 E 2606 लूट ली।

युवक ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने घटना की शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। आरोप है कि डोन तिर्की तलवार लेकर उसे मारने के लिए दौड़ा, जिसके बाद वह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला। बाद में उसने स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी दी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पूछताछ में सामने आए अन्य आरोपियों के नाम

घटना की गंभीरता को देखते हुए बगीचा पुलिस ने तत्काल संदिग्धों की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान डोन तिर्की और अमीर कुमार खाखा उर्फ पठिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, उनके मेमोरेंडम कथनों के आधार पर आयुष कुजूर और चार विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता सामने आई।

इसके बाद पुलिस ने सभी संदिग्धों को हिरासत में लिया और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रार्थी से पहचान की कार्रवाई कराई। पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी ने सभी आरोपियों की पहचान की। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार और लूटी गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

तीन आरोपी गिरफ्तार, चार बालकों को भेजा गया बाल संप्रेषण गृह

पुलिस ने बताया कि मामले में अपराध से संबंधित पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद डोन तिर्की (19 वर्ष), अमीर कुमार खाखा उर्फ पठिया (19 वर्ष) और आयुष कुजूर (18 वर्ष 11 माह) को विधिवत गिरफ्तार किया गया। तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

वहीं, 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के चार विधि से संघर्षरत बालकों को नियमानुसार अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इसके बाद उन्हें बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।

कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका

मामले की कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी में पीएसआई संतोष वर्मा, सहायक उप निरीक्षक अनिल कामरे एवं नरेश मिंज, प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह, आरक्षक अशोक मिंज, महिला आरक्षक पूना मणि और नगर सैनिक बलि राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस मामले में आगे की विवेचना कर रही है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment