जशपुर, 3 जुलाई 2026। जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत टांगरपानी में शुक्रवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रामगढ़ (झारखंड) से कोरबा जा रही ‘जय बाला’ ट्रैवल्स की यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने डायवर्शन में पलट गई। हादसे के समय बस में 40 से अधिक यात्री सवार थे। दुर्घटना में 10 से अधिक यात्रियों को चोटें आई हैं, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल बताई जा रही है।


जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 3:30 बजे हुआ। बस रामगढ़ से कोरबा की ओर जा रही थी। टांगरपानी के पास अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और बस डायवर्शन में जाकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कुनकुरी की एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। EMT सत्येंद्र एवं पायलट अभिषेक ने त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाते हुए बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद तत्काल कुनकुरी अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में जशपुर निवासी श्रीमती शोभंती भगत (50 वर्ष) एवं उनकी पुत्री कु. रीमा भगत (23 वर्ष) भी घायल हुई हैं। वहीं एक महिला को गंभीर चोट आने पर उसे बेहतर उपचार के लिए होली क्रॉस अस्पताल, कुनकुरी में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर चालक की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
स्थानीय लोगों ने ALS एम्बुलेंस टीम की तत्परता और मानवीय सेवा की सराहना की है। समय पर राहत एवं बचाव कार्य होने से एक बड़ी जनहानि टल गई ।