जशपुर में 11 से 20 अक्टूबर तक बदले रहेंगे बसों के रूट, नवरात्रि-दशहरा पर यातायात व्यवस्था में बदलाव

गम्हरिया-कुनकुरी और सन्ना रोड की बसें निर्धारित परिवर्तित मार्ग से चलेंगी, जशपुर पुलिस ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील की

जशपुर। आगामी नवरात्रि एवं दशहरा (विजयादशमी) पर्व के मद्देनजर जशपुर शहर की यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन एवं रावण दहन कार्यक्रमों के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की बड़ी संख्या में आवाजाही को देखते हुए 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक बसों का संचालन परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा।

शहर में यातायात का दबाव कम करने, आवागमन सुचारु बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। जिले के कप्तान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार, निर्धारित अवधि में बसों को नीचे बताए गए मार्गों से संचालित किया जाएगा।

इन मार्गों से चलेंगी बसें और छोटे-बड़े वाहन

1. गम्हरिया तिराहा एवं कुनकुरी की ओर जाने वाली बसें

बस स्टैंड से गिरांग तिराहा होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के रास्ते गम्हरिया तिराहा एवं कुनकुरी की ओर जाएंगी।

2. गम्हरिया तिराहा एवं कुनकुरी की ओर से आने वाली बसें

गम्हरिया तिराहा से राष्ट्रीय राजमार्ग होते हुए गिरांग तिराहा के रास्ते बस स्टैंड पहुंचेंगी।

3. सन्ना रोड से आने-जाने वाली बसें

सन्ना रोड से आने-जाने वाली बसें बिरसा मुंडा चौक, जैन मंदिर एवं बस स्टैंड होते हुए गिरांग तिराहा की ओर संचालित होंगी।

4. सन्ना रोड से आने-जाने वाले छोटे-बड़े वाहन

सन्ना रोड से आने-जाने वाले छोटे-बड़े वाहन बिरसा मुंडा चौक एवं जैन मंदिर होते हुए गिरांग तिराहा की ओर संचालित होंगे।

बस संचालकों और वाहन चालकों से निर्धारित मार्ग का पालन करने की अपील

जशपुर पुलिस ने सभी बस संचालकों, बस मालिकों, बस एजेंटों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि 11 से 20 अक्टूबर तक लागू यातायात व्यवस्था में किए गए बदलाव का अनिवार्य रूप से पालन करें। साथ ही यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें, ताकि पर्व के दौरान शहर में आवागमन सुचारु बना रहे।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। नागरिकों से निर्धारित मार्गों का उपयोग करने, सड़कों पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा नहीं करने, वाहन चलाते समय सावधानी बरतने तथा यातायात पुलिस द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात पर जोर

जशपुर पुलिस का उद्देश्य पर्व के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, शहर में यातायात का सुचारु संचालन बनाए रखना तथा सभी धार्मिक आयोजनों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराना है। पुलिस ने विश्वास जताया है कि नागरिकों के सहयोग से नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाया जा सकेगा।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment