हरिद्वार। उत्तराखंड की देवभूमि हरिद्वार स्थित देव संस्कृति विश्वविद्यालय में परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी एवं अखण्ड दीप शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय शताब्दी समारोह के द्वितीय दिवस का प्रथम सत्र आध्यात्मिक चेतना, आत्मजागरण, भारतीय संस्कृति और विश्वकल्याण के संकल्प को समर्पित रहा। सत्र में वक्ताओं ने व्यक्ति निर्माण के माध्यम से समाज और राष्ट्र के नव निर्माण का संदेश दिया।
संतों, शिक्षाविदों और वरिष्ठ अधिकारियों की रही उपस्थिति
इस गरिमामयी सत्र में जूना पीठाधीश्वर एवं आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रवीन्द्र पुरी, उत्तराखंड के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अभिनव कुमार, ऋषिहुड विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शोभित माथुर तथा एम्स ऋषिकेश की कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ प्रो. (डॉ.) मीनू सिंह उपस्थित रहे।
आत्मोत्थान से परमात्मा की ओर बढ़ने का आह्वान
अपने उद्बोधन में डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि मनुष्य के सामने दो मार्ग होते हैं—एक पतन की ओर ले जाने वाला और दूसरा अपने भीतर विद्यमान देवत्व को जागृत कर परमात्मा की ओर अग्रसर करने वाला। उन्होंने कहा कि परम पूज्य गुरुदेव ने मानवता को आत्मोत्थान और जीवन परिवर्तन की यही दिशा प्रदान की है।
स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि गायत्री परिवार और शांतिकुंज सनातन धर्म, देव संस्कृति तथा भारतीय अध्यात्म की गौरवशाली विरासत के संरक्षण और संवर्धन का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अभिनव कुमार ने हरिद्वार में अपनी पूर्व सेवाओं और गायत्री परिवार से जुड़े आत्मीय अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि लगभग दो दशक पहले इस पावन भूमि पर सेवा का अवसर मिलना उनके लिए विशेष अनुभव रहा।
‘सचिव का सूर्योदय’ पुस्तिका का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान शताब्दी लेखमाला की पुस्तिका ‘सचिव का सूर्योदय’ का विमोचन भी किया गया। सत्र में आत्मजागरण, सांस्कृतिक पुनरुत्थान, सेवा, त्याग और विश्वकल्याण से जुड़े विचारों ने उपस्थित परिजनों को अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने तथा समाज के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
समारोह का संदेश रहा कि आध्यात्मिक चेतना और आत्मपरिष्कार के माध्यम से ही व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के निर्माण की मजबूत नींव रखी जा सकती है।
स्रोत: आयोजकों से प्राप्त प्रेस विज्ञप्ति।
आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और देशभर की महत्वपूर्ण खबरों से जुड़े रहने के लिए संवाद छत्तीसगढ़ पढ़ते रहें।