नई दिल्ली/रायपुर। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग का स्टॉल लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। बस्तर के अनछुए पर्यटन स्थलों, चित्रकोट जलप्रपात के प्रतिरूप, आधुनिक वीआर अनुभव और छत्तीसगढ़ी लोकगीत-नृत्य की प्रस्तुतियों ने दिल्लीवासियों सहित देशभर से पहुंचे आगंतुकों का ध्यान खींचा। रविवार के अवकाश के चलते छत्तीसगढ़ पवेलियन में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
बस्तर के अनछुए पर्यटन स्थलों की जानकारी लेने उमड़े लोग
पर्यटन विभाग के स्टॉल पर बस्तर अंचल के प्राकृतिक सौंदर्य और दूरस्थ क्षेत्रों में मौजूद पर्यटन संभावनाओं को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। आगंतुकों ने नारायणपुर जिले के हांदवाड़ा यानी बाहुबली जलप्रपात, दंतेवाड़ा की पहाड़ी पर स्थित प्राचीन ढोलकल गणेश प्रतिमा, बीजापुर के नंबी जलप्रपात और कोंडागांव के टाटामारी पर्यटन स्थल के बारे में जानकारी ली। विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा की परंपराओं और जनजातीय आस्था को लेकर भी लोगों ने उत्सुकता दिखाई।
स्टॉल पर मौजूद पर्यटन विभाग के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी प्रमिल वर्मा ने आगंतुकों को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी दी। विभाग की प्रस्तुति में बस्तर के प्राकृतिक स्थलों के साथ ऐतिहासिक धरोहर और जनजातीय संस्कृति को भी प्रमुखता दी गई।
चित्रकोट जलप्रपात के प्रतिरूप और वीआर जोन ने खींचा ध्यान
विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात के आकर्षक प्रतिरूप के सामने सेल्फी और तस्वीरें लेने के लिए लोगों की भीड़ जुटी। पर्यटन विभाग के आधुनिक वीआर जोन में आगंतुकों ने विशेष उपकरणों के माध्यम से प्रदेश के जलप्रपातों, प्राकृतिक दृश्यों और पर्यटन स्थलों का आभासी अनुभव लिया। बच्चों और युवाओं ने इस सुविधा में खास रुचि दिखाई।
गिरौदपुरी धाम के विशाल जैतखाम से भी कराया परिचय
स्टॉल में धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन स्थलों को भी प्रदर्शित किया गया। संत गुरु घासीदास की तपोभूमि गिरौदपुरी धाम में स्थित विशाल जैतखाम की भव्यता ने आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया। लोगों ने प्रदेश के धार्मिक स्थलों, ऐतिहासिक मंदिरों और सांस्कृतिक परंपराओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
लोकगीतों और नृत्यों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
पारंपरिक वेशभूषा में लोक कलाकारों ने छत्तीसगढ़ी गीत-संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। इन कार्यक्रमों के जरिए प्रदेश की लोक परंपराओं, जनजातीय जीवनशैली और सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिली। दर्शकों ने कलाकारों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और प्रस्तुतियों का आनंद लिया।
धरमलाल कौशिक ने पवेलियन का किया अवलोकन
बिल्हा विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने भी छत्तीसगढ़ पवेलियन पहुंचकर विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक शिल्पकला, पर्यटन स्थलों और विकास संबंधी प्रस्तुतियों की सराहना की। कौशिक ने कहा कि बस्तर में शांति और विकास का वातावरण मजबूत होने से पर्यटन की नई संभावनाएं सामने आ रही हैं। उनके अनुसार इको-पर्यटन, प्राकृतिक पर्यटन, जनजातीय संस्कृति और पारंपरिक हस्तशिल्प छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों में विशिष्ट पहचान दिला सकते हैं।
उन्होंने छत्तीसगढ़ी कोसा साड़ियों, पारंपरिक वस्त्रों, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों की भी सराहना की तथा आगंतुकों को प्रदेश के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने के लिए प्रेरित किया।
पर्यटन से स्थानीय रोजगार और अर्थव्यवस्था को उम्मीद
पर्यटन विभाग की ओर से मेले में प्रदेश के पर्यटन स्थलों के प्रचार के साथ पर्यटन आधारित रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था की संभावनाओं को भी रेखांकित किया जा रहा है। बस्तर के दूरस्थ इलाकों में पर्यटन गतिविधियां बढ़ने से स्थानीय युवाओं, जनजातीय समुदायों, हस्तशिल्पियों और ग्रामीण परिवारों के लिए आजीविका के नए अवसर विकसित हो सकते हैं। प्राकृतिक, साहसिक, धार्मिक, ग्रामीण और पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों से छत्तीसगढ़ को आकर्षक पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की उम्मीद है।
भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला 13 से 27 नवंबर तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित है। छत्तीसगढ़ पवेलियन के जरिए प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया जा रहा है।
स्रोत: छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग की 22 नवंबर 2026 की विज्ञप्ति।
बस्तर से लेकर पूरे छत्तीसगढ़ तक पर्यटन, संस्कृति और विकास की हर अहम खबर पढ़ने के लिए जुड़े रहें—संवाद छत्तीसगढ़ के साथ।
samvadchhattisgarh.com