रायपुर: केंद्र के तीन बड़े फैसलों से छत्तीसगढ़ को मिलेगी औद्योगिक और कृषि विकास की नई गति, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया आभार

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा सेमिकॉन 2.0, राष्ट्रीय यूरिया निवेश नीति-2026 (NIPU-2026) तथा मोबाइल फोन विनिर्माण प्रोत्साहन योजना (MPMS) को स्वीकृति दिए जाने का स्वागत करते हुए इसे विकसित भारत के निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक और दूरदर्शी निर्णय बताया है। उन्होंने कहा कि ये तीनों पहल देश को तकनीकी आत्मनिर्भरता, आधुनिक विनिर्माण, कृषि सुरक्षा और औद्योगिक विकास के नए युग में प्रवेश दिलाने वाली साबित होंगी। मुख्यमंत्री ने इन महत्वपूर्ण निर्णयों के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय मंत्रिमंडल के प्रति आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और अत्याधुनिक विनिर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार की नई नीतियां न केवल देश की औद्योगिक क्षमता को मजबूत करेंगी, बल्कि वैश्विक प्रतिस्पर्धा में भारत की स्थिति को भी और सशक्त बनाएंगी। उन्होंने कहा कि इन फैसलों का लाभ छत्तीसगढ़ को भी व्यापक रूप से मिलेगा, जहां नई औद्योगिक नीति, निवेश अनुकूल वातावरण और कौशल विकास के माध्यम से तेजी से औद्योगिक विस्तार हो रहा है।

सेमिकॉन 2.0 से हाईटेक उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि ₹1.27 लाख करोड़ की सेमिकॉन 2.0 योजना देश में सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण का विश्वस्तरीय पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। इससे भारत वैश्विक सेमीकंडक्टर आपूर्ति श्रृंखला में अपनी मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस राष्ट्रीय पहल से छत्तीसगढ़ में भी उच्च तकनीक आधारित उद्योगों, निवेश और रोजगार के नए अवसर तेजी से विकसित होंगे।

राष्ट्रीय यूरिया निवेश नीति से किसानों को मिलेगा सीधा लाभ

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राष्ट्रीय यूरिया निवेश नीति-2026 देश में उर्वरकों की उपलब्धता को मजबूत करेगी और किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसका सीधा लाभ छत्तीसगढ़ के लाखों किसानों को मिलेगा, जिससे कृषि उत्पादन बढ़ेगा और खेती अधिक लाभकारी बनेगी। उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि और कृषि क्षेत्र की आत्मनिर्भरता के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर लगातार कार्य कर रही हैं।

मोबाइल फोन विनिर्माण में बढ़ेगा निवेश और रोजगार

मुख्यमंत्री ने कहा कि ₹62,500 करोड़ की मोबाइल फोन विनिर्माण प्रोत्साहन योजना (MPMS) भारत को वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और निर्यात का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस योजना से भारतीय ब्रांडों, अनुसंधान एवं विकास (R&D), नवाचार और स्थानीय विनिर्माण को व्यापक प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और उभरते तकनीकी क्षेत्रों में निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर सृजित होंगे।

डबल इंजन सरकार से विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को मिलेगी नई गति

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिए जा रहे ऐसे दूरदर्शी निर्णय विकसित भारत के साथ-साथ विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को भी नई गति प्रदान करेंगे। नवाचार, निवेश, तकनीकी आत्मनिर्भरता, आधुनिक विनिर्माण और कृषि सशक्तिकरण पर आधारित यह विकास मॉडल आने वाले वर्षों में देश और प्रदेश दोनों की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और कृषि समृद्धि के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment