पहाड़ी कोरवा परिवारों को राशन नहीं मिलने की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान ,कलेक्टर से फोन पर ली जानकारी, राशन दुकान निलंबित; चिड़ोडी की दुकान से की गई वैकल्पिक व्यवस्था

रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र के आमानारा गांव में पहाड़ी कोरवा परिवारों को राशन नहीं मिलने की शिकायत को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने रायगढ़ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी से दूरभाष पर पूरे मामले की जानकारी ली और प्रभावित पात्र परिवारों को तत्काल राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायत से जुड़े वितरण अभिलेखों की समुचित जांच की जाए। साथ ही ई-पॉस मशीन में दर्ज वितरण और हितग्राहियों को वास्तव में दिए गए खाद्यान्न का मिलान कर अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने मुख्यमंत्री को बताया कि शिकायत सामने आने के बाद मामले की जांच कराई गई। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित राशन दुकान को निलंबित कर दिया गया है।

हितग्राहियों को राशन मिलने में किसी प्रकार का व्यवधान न हो, इसके लिए चिड़ोडी की राशन दुकान से वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। इसके माध्यम से पहाड़ी कोरवा परिवारों सहित अन्य पात्र हितग्राहियों को राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि मामले में आवश्यक कार्रवाई के साथ जिले की सार्वजनिक वितरण प्रणाली की सतत निगरानी की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति न हो।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment