विद्यालय में विद्युत सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन ,स्थल निरीक्षण में 415 वोल्ट लाइन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाई गई

जशपुरनगर 3 अगस्त 2026/ शासकीय हाई स्कूल सरबकोम्बो में दो भवनों के बीच से 415 वोल्ट विद्युत लाइन गुजरने से बच्चों की सुरक्षा को खतरा होने संबंधी प्रकाशित समाचार पर छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, कुनकुरी संभाग ने तथ्यात्मक प्रतिवेदन जारी कर स्थिति स्पष्ट की है। विभाग ने बताया कि स्थल निरीक्षण एवं तकनीकी सर्वेक्षण कराया गया, जिसमें आशंकाएं तथ्यात्मक रूप से सही नहीं पाई गईं।

      कार्यपालन यंत्री छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित, कुनकुरी ने बताया कि वितरण केंद्र नारायणपुर अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल सरबकोम्बो में निरीक्षण के दौरान पाया गया कि विद्यालय परिसर के दो भवनों के मध्य से एल.टी. (415 वोल्ट) की एक स्पैन लाइन अवश्य गुजर रही है। लेकिन इसका क्षैतिज क्लियरेंस भवन से न्यूनतम 1.20 मीटर से अधिक तथा भूमि से ग्राउंड क्लियरेंस न्यूनतम 4.6 मीटर है, जो सीईए  के निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप है। विभाग ने बताया कि विद्यालय के दोनों भवनों की विद्युत आपूर्ति को और अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक सर्विस केबल स्थापित कर दी गई है, जिससे विद्युत आपूर्ति नियमानुसार संचालित हो रही है। इसके अतिरिक्त विद्यालय परिसर के समीप स्थापित वितरण ट्रांसफार्मर (डीपी) को अधिक सुरक्षित एवं उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए विभाग द्वारा स्थल सर्वेक्षण कर ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग का प्राक्कलन तैयार किया गया है। साथ ही आवश्यक स्वीकृति एवं मांग पत्र के भुगतान हेतु शिक्षा विभाग को प्रस्ताव प्रेषित कर दिया गया है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment