रायपुर, 25 अप्रैल 2026। तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के ग्राम तुलसी में 26 अप्रैल (रविवार) को वैशाख शुक्ल दशमी के पावन अवसर पर भव्य महाभंडारा समारोह का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्रभर में उत्साह का माहौल है और आसपास के गांवों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

समारोह का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ ‘पूर्णाहुति’ से होगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे से महाभंडारा प्रारंभ किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई है। आयोजन में यज्ञाचार्य के रूप में पंडित जय श्रवण महाराज (सिमगा) द्वारा अनुष्ठान संपन्न कराया जाएगा।
आयोजन स्थल ग्राम तुलसी (तिल्दा) के कमर्शियल स्ट्रीट में एक्सिस बैंक के सामने निर्धारित किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर बैठने, पेयजल एवं प्रसाद वितरण की व्यापक व्यवस्था की गई है, ताकि बड़ी संख्या में आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
आयोजक पीयूष गोयल (रक्षक रियल एस्टेट, तिल्दा) ने क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लें और महाप्रसाद ग्रहण करें। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और एकता का प्रतीक भी है।
महाभंडारा जैसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारे, सहयोग और समर्पण की भावना को बल मिलता है। ग्राम तुलसी में आयोजित यह भव्य आयोजन धार्मिक आस्था और सामाजिक सौहार्द का एक बड़ा केंद्र बनने जा रहा है, जिसमें क्षेत्रभर के श्रद्धालुओं की सहभागिता देखने को मिलेगी।




















