जशपुर में विकास कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं, लापरवाह ठेकेदारों का टेंडर निरस्त करने की चेतावनी

कलेक्टर रोहित व्यास ने नगरीय निकायों के निर्माण कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को तय समय-सीमा में काम पूरा कराने के दिए निर्देश

जशपुर। नगरीय निकायों में संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति को लेकर कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना 1.0 एवं 2.0 सहित विभिन्न विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।

कलेक्टर ने अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के सख्त निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शेष आवासों की स्वीकृति एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर मिलना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लंबित आवासों की स्वीकृति प्रक्रिया जल्द पूरी करने के साथ निर्माणाधीन मकानों को भी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

बैठक में अमृत मिशन, गौरव पथ सहित नगरीय क्षेत्र में चल रहे अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया।

नालंदा परिसर निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

बैठक में नालंदा परिसर के निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर परिसर को तैयार कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

लापरवाही करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ होगी कार्रवाई

निर्माण कार्यों में लापरवाही को लेकर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा नहीं करने और कार्यों में बाधा उत्पन्न करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर टेंडर निरस्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्यों की सतत निगरानी करते हुए गुणवत्ता, समय-सीमा और कार्य की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि नगरीय क्षेत्रों के नागरिकों को विकास कार्यों का लाभ समय पर मिल सके।

बैठक में नगरीय निकाय के अधिकारीगण उपस्थित थे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment