चक्रवाती सिस्टम ‘अरनब‘ को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किया अलर्ट ,28 व 29 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी, स्कूलों में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश

जशपुरनगर :  मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम ‘अरनब‘ के प्रभाव से आगामी 03 दिवस मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।


इस संबंध में कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, जशपुर द्वारा आदेश जारी किया गया है। जारी आदेश के अनुसार चक्रवात के प्रभाव से 28 अक्टूबर 2026 को जशपुर जिले के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं 29 अक्टूबर 2026 को छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, साथ ही गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इस दौरान न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आ सकती है जिससे सुबह और रात में ठंड बढ़ने की संभावना है।


जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी, समस्त प्राचार्य एवं प्रधान पाठक शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त हाईस्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल जिला जशपुर को निर्देशित किया गया है कि इस दौरान विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों का विशेष ध्यान रखेंगे तथा उनका सुरक्षा मानकों का पालन करेंगे। साथ ही यह भी सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी विद्यार्थी इस दौरान पेड़ के नीचे न रहे, जर्जर भवन में न रहे, ट्रांसफार्मर से दूरी बनाए रखें, बारिश में कोई न भीगे इसका भी ध्यान रखेंगे। साथ ही किसी प्रकार की समस्या होने पर अपने बीआरसी, विकासखंड स्तरीय अधिकारियों और जिला अधिकारियों को तत्काल सूचित करेंगे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment