सारंगढ़, 10 जुलाई 2026। सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिला पंचायत के सभाकक्ष में “सेवा सेतु पोर्टल” पर शुरू की गई नई ऑनलाइन सेवाओं के सफल संचालन और प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के सभी सेवा सेतु प्रबंधकों ने भाग लेकर नई डिजिटल सेवाओं की ऑनलाइन प्रक्रिया का विस्तृत प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण के दौरान ई-डीएम श्री गंगाधर विश्वकर्मा ने सेवा सेतु पोर्टल पर जोड़ी गई नई सेवाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन सेवाओं के माध्यम से नागरिकों को सरकारी योजनाओं और प्रमाण-पत्रों का लाभ पहले से अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से मिलेगा।
कार्यक्रम में नवीन ट्रेड लाइसेंस, अन्त्योदय, प्राथमिकता, निराश्रित (एकल), निःशक्तजन, सामान्य एवं एपीएल राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन, राशन कार्ड में सदस्य जोड़ने एवं हटाने की प्रक्रिया, विवाह प्रमाण पत्र, ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक साफ-सफाई संबंधी सेवाओं सहित अन्य नई ऑनलाइन सुविधाओं की आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, पात्रता और सेवा संचालन के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
ई-डीएम श्री विश्वकर्मा ने सभी सेवा सेतु प्रबंधकों से प्रशिक्षण में मिली जानकारी का प्रभावी उपयोग कर नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया। इस दौरान प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान करते हुए पोर्टल के सुचारु संचालन से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिक सेवाओं की पहुंच को और अधिक मजबूत बनाना तथा जिले में शासकीय सेवाओं के डिजिटल क्रियान्वयन को गति देना है।