जशपुरनगर, 03 जुलाई 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की संवेदनशील पहल से गंभीर श्वसन रोग से पीड़ित मासूम रेणुका खलखो, जिला सरगुजा के उपचार का मार्ग प्रशस्त हो गया है। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया में परिजनों द्वारा आवेदन प्रस्तुत किए जाने के बाद मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत रेणुका खलखो के उपचार के लिए 95,500 रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अनुशंसा पर राज्य नोडल एजेंसी द्वारा जारी स्वीकृति आदेश के अनुसार यह राशि झारखंड के रांची स्थित रानी हॉस्पिटल में श्वसन संबंधी गंभीर बीमारी के उपचार हेतु प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत मिली इस त्वरित स्वीकृति से आर्थिक रूप से कमजोर परिवार को बड़ी राहत मिली है। समय पर मिली इस सहायता से अब मासूम का बेहतर उपचार संभव हो सकेगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के जनहितैषी एवं संवेदनशील पहल पर गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद मरीजों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें और उपचार के अभाव में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया के माध्यम से पात्र हितग्राहियों के आवेदन प्राथमिकता के साथ शासन तक पहुंचाए जा रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य सहायता योजनाओं का लाभ शीघ्रता से मिल रहा है, जिससे प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो रहा है।