जशपुर: स्वतंत्रता दिवस समारोह का फाइनल रिहर्सल, कलेक्टर और एसएसपी ने तैयारियों का लिया जायजा

जशपुर: स्वतंत्रता दिवस समारोह 2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 13 अगस्त को रणजीता स्टेडियम में फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित किया गया। रिहर्सल के दौरान डिप्टी कलेक्टर श्री हरिओम द्विवेदी ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई और परेड की सलामी ली।

स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कलेक्टर श्री रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह ने रणजीता स्टेडियम पहुंचकर स्वतंत्रता दिवस समारोह की मिनट-टू-मिनट तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परेड, ध्वजारोहण, मुख्य अतिथि के आगमन, मुख्यमंत्री के संदेश के वाचन, पुरस्कार वितरण सहित विभिन्न कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास देखा।

मुख्य परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक श्री अमरजीत खुंटे तथा टू आईसी उप निरीक्षक श्री रवि साहू के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, छत्तीसगढ़ पुलिस बल, छत्तीसगढ़ पुलिस महिला बल, नगर सेना पुरुष एवं महिला दल, एनसीसी सीनियर एवं जूनियर, एनईएस कॉलेज, एनएसएस बालिका, कल्याण आश्रम, सेंट जेवियर शांति भवन, महारानी लक्ष्मी बाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जशपुरनगर, वनवासी कल्याण आश्रम, स्काउट-गाइड तथा अन्य दलों की कुल 13 टुकड़ियों ने फाइनल रिहर्सल परेड में हिस्सा लिया। बैंड दल ने भी परेड के दौरान अपनी प्रस्तुति दी।

रिहर्सल के दौरान स्कूली बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति का भी अभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि के आगमन से लेकर ध्वजारोहण, मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन और पुरस्कार वितरण तक सभी निर्धारित गतिविधियों का क्रमवार पूर्वाभ्यास किया गया।

कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने अधिकारियों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय एवं सादगीपूर्ण तरीके से आयोजित करने के साथ ही समारोह स्थल पर बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, गुब्बारे, बैंड तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर दुरुस्त करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, एसडीएम जशपुर श्री विश्वास राव मस्के सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर श्री डी.आर. राठिया ने किया।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment