जशपुर: बगीचा: गणेश उत्सव के समापन के साथ आगामी दिनों में होने वाले गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर जनपद पंचायत बगीचा ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी ग्राम पंचायतों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत बगीचा की ओर से सभी जनप्रतिनिधियों, सरपंचों एवं सचिवों के लिए सार्वजनिक अपील जारी की गई है।
प्रशासन ने गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए समय पर विसर्जन, यातायात व्यवस्था, डीजे के नियमन और जलस्रोतों पर सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।
रात्रि में देर से विसर्जन से बचने के निर्देश
जारी अपील में ग्राम पंचायतों से कहा गया है कि गणेश प्रतिमा विसर्जन का समय पहले से निर्धारित किया जाए और निर्धारित समय पर ही विसर्जन कराया जाए। रात्रि में देर से विसर्जन करने से बचने की अपील की गई है।
वहीं विसर्जन जुलूस में सड़क पर डीजे वाहन का उपयोग शासन के नियमानुसार, निर्धारित ध्वनि सीमा एवं अनुमति के साथ करने तथा यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसका ध्यान रखने को कहा गया है।
नदी-तालाबों पर बैरिकेडिंग और गोताखोर की व्यवस्था
गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए चिन्हित नदी, नालों, तालाबों एवं अन्य जलस्रोतों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। गहरे पानी में लोगों को जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग और रस्सी लगाने के साथ ही लाइफ जैकेट, तैराक एवं गोताखोर की व्यवस्था ग्राम पंचायतों द्वारा सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बच्चों को गहरे पानी से दूर रखने की अपील
विसर्जन के दौरान छोटे बच्चों की सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया है। प्रशासन ने बच्चों को गहरे पानी से दूर रखने तथा विसर्जन स्थल पर अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने की अपील की है।
जुरुडांड की घटना को लेकर विशेष सतर्कता
जनपद पंचायत बगीचा ने पिछले वर्ष ग्राम जुरुडांड में गणेश विसर्जन के दौरान हुई दुखद घटना का उल्लेख करते हुए सभी ग्राम पंचायतों से विशेष सतर्कता एवं गंभीरता बरतने को कहा है।
प्रशासन का कहना है कि ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विसर्जन स्थलों पर पहले से आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है। सभी जनप्रतिनिधियों, सरपंचों एवं सचिवों से गणेश उत्सव और विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।
जनपद पंचायत बगीचा की ओर से जारी अपील में स्पष्ट किया गया है कि गणेश विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।